बूंदाबांदी से रात के तापमान में गिरावट
नारनौल | पिछले करीब एक सप्ताह से मौसम का मिजाज हर रोज बदल रहा है। कभी भूप तेज तो कभी बादलवाई। कभी गर्मी तो कभी सुहावना। कभी उमस तो कभी तेज हवा। इसके चलते पारा भी उछलकूद कर रहा है।
मंगलवार रात को आंधी के साथ बूंदाबांदी हुई। इसके चलते रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बुधवार सुबह तो सुहानी रही, किंतु दोपहर बाद उमस के कारण पसीने निकलने लगे। 12 से 14 मई तक न्यूनतम तापमान 24 डिग्री बना हुआ था। जो सामान्य था। 15 मई को 26 डिग्री को क्रॉस कर गया था। जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक था, लेकिन 15 की रात को हुई बूंदाबांदी की वजह से 16 को यह 3 डिग्री गिरकर 23.2 पर आ गया। जो सामान्य से 1 डिग्री कम रहा। इसके चलते सुबह सुहानी रही। हालांकि सुबह हवा में आर्द्रता 61 प्रतिशत रही। इसके चलते जैसे जैसे दिन चढ़ता गया वैसे वैसे उमस बढ़ती गई और दोपहर बाद तो पसीने निकलने लगे। हालांकि 15 मई की तुलना में 14 को अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हुई। 15 को अधिकतम तापमान 39 डिग्री था। जबकि उससे पहले यह 42 डिग्री पर ठहरा हुआ था।