10 दिन से काम छोड़कर हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मचारियों ने शुक्रवार को दोपहर 1 बजे तक नप कार्यालय में धरना दिया। इसके बाद नप कार्यालय से शहर के मुख्य ट्रैफिक चौराहे महावीर चौक तक प्रदर्शन कर यहां निकाय मंत्री कविता जैन का पुतला फूंका। मांगे पूरी होने के विरोध प्रदर्शनकारियों ने स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन व प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया।
सर्व कर्मचारी संघ के सचिव किरोड़ीमल सैनी ने बताया कि निकाय कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर 10 दिनों से काम छोड़ हड़ताल पर चल रहे हैं। इससे नारनौल सहित पूरे प्रदेश में सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है। शहर के गली-मोहल्लों में गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन इसके बावजूद सरकार हठधर्मिता अपनाए हुए है। इससे स्पष्ट है कि सरकार टकराव चाहती है। इसके बावजूद निकाय कर्मचारी बातचीत के जरिए समस्या का समाधान निकालने के पक्षधर हैं। इसलिए सरकार जल्द से जल्द निकाय कर्मियों की जायज मांगों को लागू कर हड़ताल को समाप्त करवाए। अन्यथा नगरपालिका कर्मचारी संघ के साथ-साथ सर्व कर्मचारी संघ भी सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरने को मजबूर होगा। उन्होंने बताया कि सर्व कर्मचारी संघ की जिला इकाई ने मीटिंग कर सर्वसम्मति से निकाय कर्मियों के आंदोलन को समर्थन करने का निर्णय लिया है।
नारनौल. महावीर चौक पर कविता जैन का पुतला फूंकते नप कर्मचारी ।
20 मई को शिक्षा मंत्री के निवास पर करेंगे प्रदर्शन : किरोड़ीमल सैनी ने बताया कि पुरानी पेंशन स्कीम की बहाली की मांग को लेकर सर्व कर्मचारी संघ 20 मई को हरियाणा के शिक्षा मंत्री प्रो.रामबिलास शर्मा के निवास पर एकत्रित होकर प्रदर्शन करेंगे। प्रदर्शन से पूर्व जिले भर के सैकड़ों कर्मचारी सुबह महेंद्रगढ़ के चौ. रणबीर सिंह पार्क में एकत्रित होंगे।