पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने बताया कि पहला सुख निरोगी काया का होता है। स्वास्थ्य ही व्यक्ति की सबसे बड़ी पूंजी होती है। शरीर को निरोगी रखने का सबसे सस्ता एवं कारगर मंत्र योग है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को नियमित रूप से योग क्रियाएं करनी चाहिए। एसपी रविवार को पुलिस लाइन में पतंजलि योग समिति एवं युवा भारत के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 15 दिवसीय योग शिविर का शुभारंभ करने के बाद उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर पतंजलि योग समिति जिला प्रभारी निलेश मुदगल ने साधकों को योगाभ्यास कराया। उन्होंने कहा कि आज हमारी बीमारियों के दो ही सबसे बड़े कारण हैं। एक तनाव और दूसरा अव्यवस्थित-अनुचित जीवनशैली। परमात्मा ने हमें रंगों से भरपूर सुंदर जीवन दिया है किंतु तनाव से पीड़ित होने पर जीवन बदरंग हो जाता है। इस स्थिति से बचने के लिए नियमित योगाभ्यास आवश्यक है। तत्पश्चात योगसाधकों ने सूक्ष्म व्यायाम, यौगिक जोगिंग, अष्ट प्राणायाम एवं ध्यान के कुछ अभ्यासों को सीखा एवं किया। भारत स्वाभिमान, पतंजलि योग समिति एवं युवा भारत संगठनों की ओर से मदन गोपाल आर्य, बिरेंद्र आर्य, हरिसिंह नंबरदार व सुनील डुलाना ने कमलदीप गोयल को संगठन के सम्मान प्रतीक अंगवस्त्र पहना कर सम्मानित किया।
इस दौरान कृष्णा देवी, महेंद्र सिंह, केसर सिंह, देवेंद्र सैनी, मुकेश कांवी एवं निधि देवी ने बताया कि 3 जून तक चलने वाले इस निशुल्क योग शिविर में मोटापा, मधुमेह, कमर दर्द, एलर्जी, त्वचा रोग, तनाव, अनिद्रा, थकान, स्वस्थ जीवनशैली, आयुर्वेद, रसोई में औषधि, एक्युप्रेशर व हस्तमुद्राएं आदि विषयों पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर मदनलाल, जगमोहन, भूपेंद्र सिंह, राजकुमार, डाॅ. रतनलाल, डाॅ. योगेश सिंह, दर्शन सिंह, अनुज सैनी, रामचंद्र शर्मा, सुरेंद्र भारद्वाज, रवींद्र सिंह व मदनमोहन आदि सहित अनेक लोग उपस्थित थे।