नारनौल | श्री श्याम महायज्ञ आयोजन समिति नारनौल के तत्वावधान में शनिवार रात शहर के सिंघाणा रोड़ स्थित नहर कालोनी के पीछे श्याम प्रभु खाटू वाले के संकीर्तन समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर आयोजकों द्वारा रंग-बिरंगी लाइटों व विभिन्न प्रकार के फूलों से भव्य ढंग से सजाया गया श्याम प्रभु का दरबार श्रद्धालुओं के आकर्षण का मुख्य केंद्र बना रहा। आचार्य मनीष निर्मल ने मुख्य यजमान रामचरण लांबा से पूजा-अर्चना करवा गणेश वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इसके बाद डाॅ. सुभाषचंद ने तेरे दर्शन को खड़े हैं कब आएगी मां शेरों वाली, मनीष शास्त्री ने जब से देखा तुम्हें न जाने क्या हो गया भजन प्रस्तुत कर कार्यक्रम में समां बांधा। इसके बाद सुरेन्द्र यादव, सुदेश शर्मा व विनोद शर्मा ने प्रस्तुती दी। इस मौके पर त्रिलोक चंद शर्मा, सुरेन्द्र पटवारी, खेमचंद शर्मा, मोहित, नीलेश कौशिक, लखन, नवीन दहिया, विक्रम, मोहित, मंगल सिंह, गोविंद समेत कई भक्तजन मौजूद रहे।