पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • सफाई अभियान चलाने पर नप चेयरपर्सन और पार्षदों से भिड़े हड़ताली कर्मी, पुलिस ने मौके पर पहुंच शांत कराया मामला

सफाई अभियान चलाने पर नप चेयरपर्सन और पार्षदों से भिड़े हड़ताली कर्मी, पुलिस ने मौके पर पहुंच शांत कराया मामला

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नगर निकाय कर्मियों की हड़ताल के 11 दिन बाद रविवार सुबह नप चेयरपर्सन भारती सैनी, ईओ अभय सिंह यादव, नगर पार्षदों व भाजपा कार्यकर्ताअों ने शहर की सड़कों पर सफाई अभियान चलाया। सफाई अभियान के दौरान चेयरपर्सन व पार्षद सड़कों पर झाडू लगा कूड़ा उठाने के अभियान में जुटे हुए थे कि हड़ताल पर चल रहे सफाई कर्मचारी मौके पर पहुंचकर इसका विरोध करने लगे और टकराव पर उतारू हो गए।

इस दौरान हड़ताली कर्मी चेयरपर्सन व पार्षदों के हाथों में से झाडू़ व कस्सी आदि भी छीनकर ले गए। टकराव की स्थिति को देखते हुए घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले को शांत किया। जाते-जाते हड़ताली कर्मी झाडू लगा एकत्रित किए गए कूड़े को वापस सड़कों पर बिखेर गए। बता दें कि नगर निकाय कर्मचारियों की हड़ताल के चलते प्रदेश सरकार के आह्वान पर नगर परिषद की चेयरपर्सन भारती सैनी, समाज सेवी संजय सैनी व नगर पार्षदों ने रविवार सुबह 6 बजे शहर में सफाई अभियान चलाया। चेयरपर्सन व पार्षद सुबह 6 बजे नगर परिषद कार्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने कार्यालय से झाडू व कस्सी लेकर नप कार्यालय से पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस की तरफ अपना अभियान शुरू किया।

इस दौरान सफाई अभियान के तहत पार्षदों ने तालाब बहादुर सिंह तक सड़कों पर झाड़ू निकाल कर कूड़े के ढेरों को एकत्रित किया। इसके बाद पार्षद वापस नप कार्यालय के गेट पर पहुंचे तथा महावीर चौक की तरफ अपना अभियान शुरू किया। अभी चेयरपर्सन व पार्षद सफाई करते हुए शहर के सिंघाणा रोड पर स्थित पेट्रोल पंप के निकट ही पहुंचे थे कि नप के हड़ताली कर्मी वहां पहुंचे तथा सफाई अभियान का विरोध शुरू कर दिया।

टकराव की स्थिति उत्पन्न होने पर नगर अधिकारियों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने पर शहर थाना प्रभारी वेदप्रकाश अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे तथा मामले को शांत कराया। बाद में सफाई अभियान में जुटे सभी लोग नप कार्यालय में पहुंचे और वहां विरोध कर रहे सफाई कर्मचारियों को बुलाकर उनके द्वारा इस अभियान का विरोध करने और चोट पहुंचाने की कड़ी निंदा की। नप चेयरपर्सन भारती सैनी कर्मचारियों से कहा कि वे अपनी मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन करें, उन्हें कोई एतराज नहीं है, परन्तु उनके द्वारा चलाए जा रहे अभियान में बाधा न डालें। इस पर सफाई कर्मचारियों ने कहा कि जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं होगी, वे शहर में सफाई नहीं होने देंगे। समझाने के बाद भी हड़ताली कर्मी नहीं माने तो चेयरपर्सन व पार्षद अपने-अपने घर को लौट गए।

नारनौल. सफाई अभियान का विरोध कर रहे हड़ताली कर्मचारियों को समझाती पुलिस। अभियान के दौरान सफाई करतीं नप चेयरपर्सन भारती सैनी व पार्षद।

पार्षदों ने चलाया सफाई अभियान, बोले-रोज एक वार्ड की करेंगे सफाई

नांगल चौधरी|नगर पालिका के सफाई कर्मियों की हड़ताल के चलते पार्षदों व अन्य कर्मचारियों ने रविवार को कस्बे में खुद सफाई अभियान शुरू किया। उन्होंने कहा कि रोजाना एक वार्ड का कचरा उठान तथा नालियों को साफ किया जाएगा। योगेंद्र सिंह ने बताया कि करीब 15 दिन सफाई कर्मचारी धरने पर बैठे हैं। जिस कारण विभिन्न मोहल्लों में कचरे का ढेर लग गए। पॉलीथिन की रुकावट बनने से नालियां ओवरफ्लो हो गईं। जिस कारण आमरास्तों में गंदगी युक्त पानी एकत्रित हो गया। दुर्गंध के चलते लोगों का आवागमन तक मुश्किल हो गया है। सरकार द्वारा कई मांगें मानने के बावजूद सफाई कर्मचारी धरना खत्म करने को तैयार नहीं। इसलिए पार्षद, कर्मचारी व भाजपा नेता, कार्यकर्ताओं ने संयुक्त रूप से कचरा उठाओ अभियान चलाया है। रविवार को पंचायत समिति के प्रांगण, बस स्टैंड, निजामपुर रोड़, गांधी बाजार में सफाई की गई।

नांगल चौधरी. शहर में सफाई करते पार्षद व कर्मचारी ।

नारनौल. पार्षदों द्वारा सफाई करने के बाद हड़ताली कर्मियों द्वारा पीछे से सड़क पर फैलाया गया कूड़ा।

पीछे से फेंक गए कचरा

खबरें और भी हैं...