नारनौल. ग्रामीण सफाई कर्मचारी उपायुक्त डॉ. गरिमा मितल को ज्ञापन देते हुए ।
भास्कर न्यूज| नारनौल
ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन हरियाणा (संबंधित आल इंडिया यूटीयूसी) की जिला कार्यकारिणी के सदस्यों ने अपनी मांगों को लेकर सोमवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर रोष जताया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री के नाम लिखित एक मांग पत्र उपायुक्त को सौंप कर उनकी जायज मांगों को लागू कराने की मांग की। उपायुक्त डाॅ. गरिमा मित्तल ने ग्रामीण सफाई कर्मचारियों की पूरी बात सुनने के बाद जिला स्तर की समस्याओं को उनके स्तर पर निपटाने तथा उनकी बात सीएम तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।
डीसी को सौंपे अपने ज्ञापन में बताया कि ग्रामीण सफाई कर्मचारी सरकारी कर्मचारी का दर्जा देने, न्यूनतम वेतनमान 18 हजार रुपए मासिक निर्धारित करने, सफाई के उपकरण समय पर उपलब्ध करवाने, सिहमा ब्लाक के सफाई कर्मचारियों की वर्दी के पैसे शीघ्र जारी करने, ग्राम पंचायतों में लगे चालकों को 18 हजार रुपए मेहनताना देने व सफाई कर्मचारियों का भविष्य निधि पेंशन लागू करने की लंबे समय से सरकार से मांग कर रहे हैं। लेकिन सरकार सफाई कर्मचारियों की मांगों पर कोई ध्यान नहीं दे रही है। इससे सफाई कर्मचारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन से पूर्व सैकड़ों ग्रामीण सफाई कर्मचारी महाराजा अग्रसेन चितवन वाटिका में एकत्रित हुए। इस मौके पर उपस्थित सफाई कर्मचारियों को संबोधित करते हुए यूटीयूसी के सुभाषचंद्र ने कहा कि सरकार ग्रामीण सफाई कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करे। उन्होंने कहा कि आज सफाई कर्मचारी अपने स्वास्थ्य को दाव पर रखकर सफाई का कार्य करते है, लेकिन सरकार उनको मेडिकल सुविधा भी नहीं देती। सफाई कर्मचारियों को मेडिकल सुविधा दी जाए और हर महीने वेतन दिया जाए। इस मौके पर सुभाष, अशोक, विकास, बिजेंद्र, योगेश, बिरेंद्र व सूबेसिंह मौजूद थे।