सचेत नागरिक मंच के सदस्यों ने बिजेंद्र सिंह के नेतृत्व में सोमवार को उपायुक्त के नाम ज्ञापन उनकी अनुपस्थिति में एसडीएम को सौंप कर शहर की पुरानी मंडी में ठेकेदार द्वारा नियमों को ताक पर रख कर विकास कार्य करवाने का आरोप लगाया है। साथ ही शिकायतकर्ताओं ने ठेकेदार के प्रति अपनी नाराजगी जताते हुए विकास कार्यों की जांच करवा दोषी ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ताओं ने अपने ज्ञापन में बताया कि शहर के मोहल्ला पुरानी मंडी और विभिन्न हिस्सों में सड़क व नाले का निर्माण कार्य चल रहा है। इन कार्यों में पुरानी मंडी, महता चौक और जलमहल तक सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। जबकि यहां पहले की सड़क अच्छी हालत में है। इसलिए यहां सड़क का निर्माण करने की कोई जरूरत नहीं थी। इतना ही नहीं अब यहां जो सड़क बनाई जा रही है, उसका लेवल नहीं मिल रहा है। इससे बारिश के दिनों में पानी की निकासी बंद होने से घरों में पानी घुसने सकता है। इसलिए प्रशासन से उनका आग्रह है कि इन सड़कों का लेवल सही करवाया जाए। शहर में तोड़ी गई सड़कों का मलबा दूर डलवाया जाए। ताकि शहर के लोगों को आवागमन करने में परेशानियों का सामना ना करना पड़े।