- Hindi News
- National
- कापड़ो के ग्रामीणों ने ज्ञापन सौंप गांव में ही पेंशन दिलाए जाने की उठाई मांग
कापड़ो के ग्रामीणों ने ज्ञापन सौंप गांव में ही पेंशन दिलाए जाने की उठाई मांग
कापड़ो के पेंशन धारक ग्रामीण उप तहसील खेड़ी चौपटा परिसर में ज्ञापन सौंपने जाते हुए।
भास्कर न्यूज | नारनौंद
कापड़ो के लोगों को अपनी बुढ़ापा, विधवा व दिव्यांग आदि पेंशन लेने के लिए 7 किलोमीटर चलकर गांव खेड़ी चौपटा के बैंक में आना पड़ता है। परेशान लोगों ने खेड़ी उप तहसील में एकत्रित होकर नायब तहसीलदार जोगेंद्र कुमार को एक ज्ञापन सौंपा। इसके अलावा वे बैंक अधिकारियों से भी मिले।
सुरेश कुमार पूर्व सरपंच खेड़ी जालब को साथ लेकर कापड़ो निवासी हवासिंह, टेकराम, रायसिंह आर्य, रामकुमार जांगड़ा, धूप सिंह, रामसिंह आर्य, किशनलाल, लट्टू राम, जगतूराम, दीवान, रामस्वरूप भजनी, हरिसिंह, सतीश, नफेसिंह, दर्शना, अंगूरी, लक्ष्मी देवी, भतेरी, आदि ग्रामीणों ने बताया कि पिछले 2 वर्षों से हमारे गांव कापड़ो के लोगों को पेंशन लेने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
हमें 7 किलोमीटर की दूरी पार करके जब हम खेड़ी चौपटा स्थित यूको बैंक में आते है तो हमारी पेंशन के लिए कोई दिन निश्चित नहीं किया जाता। इस समस्या के लिए हमने पहले भी कई बार बैंक अधिकारियों, नायब तहसीलदार व हलका के विधायक एवं वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु को भी लिखित में अवगत करवा चुके हैं। हमें आश्वासन दिया गया है कि अगली पैंशन बांटने के लिए यूको बैंक का कर्मचारी आपके गांव में ही जाकर पैंशन बांटेगा। इस बार की पेंशन गांव में नहीं मिली तो मजबूरन रोड जाम करना पड़ेगा।
नायब तहसीलदार जोगेंद्र कुमार ने समस्या का जल्द समाधान का आश्वासन देकर उन्हें घर जाने के लिए कहा। सरपंच शैलेंद्र ने बताया कि गांव की यह 2 साल पुरानी समस्या है जिसके बारे में वित्तमंत्री को भी अवगत करवाया था। उसके बावजूद भी लोगों को पैंशन लेने के लिए धक्के खाने पड़ रहे हैं। इनकी समस्या के समाधान के लिए जो मेरे से बनेगा वह करके जल्द समस्या का समाधान करवाऊंगा।