नारनौंद में मशाल जुलूस निकाल सरकारी नीतियों पर जताया रोष
ऑल हरियाणा कार्पोरेशन वर्कर यूनियन के आह्वान पर मंगलवार रात को मशाल जुलूस निकाला गया। इसमें सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की अध्यक्षता प्रधान संदीप बडाला द्वारा की गई।
प्रदर्शन में शामिल कर्मचारियों को संबोधित करते हुए बडाला ने कहा कि हरियाणा सरकार की सरकारी कर्मचारी विरोधी नितियों के कारण विभाग के कर्मचारियों में भारी रोष है। सरकार लगातार कर्मचारियों का शोषण कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार वादाखिलाफी की नीति से बाज आए नहीं तो आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। सरकार न तो स्थाई भर्तियां कर रही है और न ही कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया जा रहा है। समान काम समान वेतन लागू करना, नई पैंशन नीति को बंद कर पुरानी पैंशन नीति को लागू करना, ठेका प्रथा बंद करने सहित अनेक मांगों पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए। इन सभी मांगों को लेकर मंगलवार की शाम को नारनौंद नगरपालिका के सामने से खांडा मोड़ होते हुए पुराना बस अड्डा व अनाज मंडी तक मशाल जुलूस निकाला गया। इस मौके पर जुलूस में सब यूनिट मुंढाल व सिसाय के कर्मचारियों ने भी भाग लिया। इस मौके पर ब्लाक प्रधान रोहतास, सतीश, जगरूप, दवेंद्र अजमेर आदि उपस्थित थे।
मशाल जुलूस में भाग लेते कर्मचारी यूनियन के सदस्य।