आठ दुकानों के ताले तोड़कर चुराया हजारों का सामान
शनिवार रात को दिल्ली-पटियाला हाईवे पर नवदीप स्टेडियम मार्केट में चोरों ने उत्पात मचाया और 8 दुकानों के ताले तोड़कर हजारों रुपए का सामान चुरा लिया। चोरी की घटना का दुकानदारों को रविवार अल सुबह पता लगा। दुकान खोलने के लिए पहुंचे दुकानदारों ने चोरी की सूचना शहर पुलिस को दी। बाद में शहर पुलिस ने मौके पर जाकर मुआयना किया।
ये सामान चुराया
रात को चोरों ने नवदीप स्टेडियम की दुकानों में चोरी की। चोरों ने बनवाला इलेक्ट्रिक स्टोर, हरियाणा ऑटो मोबाइल, इकबाल इलेक्ट्रिक, संदीप इलेक्ट्रिक, सुभाष शोकर वर्कर्स, संदीप बाइक रिपेयर, यादव पेंटर सहित वीटा बूथ व एक चाय की दुकान मेें चोरी की। चोरों ने इलेक्ट्रिक की दुकानों से बैटरियां व अन्य दुकानों से गैस चूल्हा, सिलेंडर, इनवर्टर, शोकर सहित एल्युमीनियम का सामान चोरी कर लिया। दुकानदार राजेश, शमशेर, विनोद, संदीप ने बताया कि सभी दुकानदार शनिवार रात को अपनी दुकानें बंद करके चले गए थे लेकिन सुबह जब दुकानें खोलने के लिए आए दुकानों के शटर कई फीट ऊंचे तक खुले पड़े थे। जब दुकानों के अंदर झांका तो सामान चोरी था। दुकानदारों ने बताया कि लगभग एक-एक दुकानदार को 30 से 40 हजार तक का नुकसान हुआ है। संदीप बाइक रिपेयर के मालिक संदीप शर्मा ने कहा कि घटना से अंदेशा लगाया जा सकता है चोरों की पूरी गैंग रात को सक्रिय थी।