बच्चों का शैक्षणिक, बौद्धिक विकास करें : एसडीएम
नरवाना | एसडीएम डाॅ. किरण सिंह ने कहा कि स्कूली बच्चों का शैक्षणिक, बौद्धिक और तार्किक स्तर पर बराबर विकास होना चाहिए। इसके लिए माध्यमिक एवं प्राथमिक स्कूलों के अध्यापकों द्वारा अतिरिक्त अध्ययन कार्य करवाने की जरूरत है। एसडीएम डाॅ. किरण सिंह सोमवार को शिक्षा अधिकारियों के साथ बैठक कर रहीं थीं। इसमें बीईओ जगदीश चंद्र, बीईईओ बलजीत पूनिया, बीआरपी अनिल, एबीआरसी अनुज व प्रदीप ने हिस्सा लिया।
एसडीएम ने पहली से 8वीं कक्षा तक के सभी बच्चों को सभी स्तरों पर सक्षम बनाने के लिए विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए ताकि सक्षम शिक्षा का उद्देश्य पूरा किया जा सके। उन्होंने कहा कि शिक्षा के अधिकार अधिनियम के तहत 8वीं कक्षा तक सभी विद्यार्थियों को उत्तीर्ण करने का प्रावधान है। इस दौरान कुछ विद्यार्थी शिक्षा एवं अध्ययन कार्य से जुड़े गतिविधियों में अपेक्षाकृत पीछे रह जाते हैं। ऐसे विद्यार्थियों को नौंवी कक्षा के लायक बनाने के लिए सभी स्तरों पर अध्यापक अपने स्तर पर अतिरिक्त अध्ययन एवं अन्य गतिविधियों के द्वारा सक्षम बनाएं।