समान काम-समान वेतन की मांग को लेकर पीडब्ल्यूडी कर्मियों ने जताया रोष
हरियाणा पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्कर्स यूनियन संबंधित एसकेएस ब्रांच नरवाना कार्यकारिणी की बैठक शहीद भगत सिंह अध्ययन केंद्र में हुई। अध्यक्षता राज्य कमेटी के सदस्य व ब्रांच प्रधान राजेंद्र शर्मा व संचालन सहसचिव सतपाल सिंह ने किया।
राजेंद्र शर्मा ने बताया कि हरियाणा सरकार के प्रतिनिधियों व कर्मचारी नेताओं के साथ कई बार बातचीत हो चुकी है लेकिन सरकार ने कोई पत्र जारी नहीं किया। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों की मुख्य मांगें हैं कि 2 वर्ष की सेवा पूरी कर चुके सभी प्रकार के पार्ट-टाइम व कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया जाए, पक्का होने तक सभी कच्चे कर्मचारियों को समान काम समान वेतन मान दिया जाए, सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों के अनुसार 1 जनवरी 2016 स भत्तों में बढ़ोतरी की जाए, 1 जनवरी 2016 से प्रदेश में लागू की गई नेशनल पेंशन स्कीम को वापस लिया जाए, 1 जनवरी 2016 से सेवा में आए नए कर्मचारियों को पुरानी पेंशन स्कीम के दायरे में लाया जाए, टीएमसी के तहत लगे हुए कच्चे कर्मचारियों को कर्मचारी का दर्जा दिया जाए। इन्हीं मांगों के समाधान के लिए एसकेएस के आह्वान पर आगामी 29 अप्रैल को ललकार रैली हुडा ग्राउंड जींद में ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचने का कर्मचारियों ने आश्वासन दिया। मीटिंग को प्रमुख वक्ताओं विनोद मलिक, दीपक, कुलदीप नैन, अश्वनी शर्मा, ईश्वर दत्त घासो, आजाद ढाकल, बलवंत, शमशेर पांचाल, सतपाल, सुनील नैन व अन्य मौजूद रहे।
नरवाना. मीटिंग में उपस्थित कर्मचारी। फोटो | भास्कर