नरवाना. शहर में प्रदर्शन करते सफाई व अन्य कर्मचारी।
नरवाना | सरकार के आदेश पर नेताओं व प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा शहर में कई बार सफाई अभियान चलाए गए, दूसरे लोगों को सफाई अभियान के लिए जागरूक भी किया गया लेकिन यह सब महज एक दिखावा था। इसकी खबर आमजन को लग चुकी है। लगातार 9 दिन से चल रही सफाईकर्मियों की हड़ताल के दौरान किसी भी नेता व समाजसेवी ने अपने हाथ में झाडू नहीं उठाया है। हड़ताल से नरवाना की हर गली में गंदगी के लगे ढेर लगे हैं।
शहरवासी नरेन्द्र, कुलदीप, सोनू, अनिल, इन्द्र सिंह, बलदेव, अशोक ने बताया कि राजनीतिक लोग जनता की वाहवाई लूटने के लिए सफाई अभियानों जैसे दिखावे करते हैं। जबकि सफाई की असल जरूरत इस समय में शहर को है। बता दें कि सफाई कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर लगातार अपने झाडू छोड़कर सरकार के खिलाफ धरने प्रदर्शन में लगे हुए हैं। सर्व कर्मचारी संघ के सदस्य नरेश कुमार शास्त्री ने बताया कि इस हड़ताल को अनिश्चितकाल में बदल दिया है।