नरवाना में शहीद भगत सिंह चौक और विश्वकर्मा मंदिर के पास शराब ठेका
शहर के शहीद भगत सिंह चौक व विश्वकर्मा मंदिर के पास शराब का ठेका खुल गया है। जबकि एक शिकायतकर्ता को सीएम विंडो में दी शिकायत पर कहा गया था कि भगत सिंह चौक पर शराब का ठेका नहीं खुलने दिया जाएगा। ठेका खुलने से एक बार फिर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
शहरवासी नरेंद्र, संदीप, राकेश, सुनील कुमार, रमेश, नरेश, अशोक, दर्शन ने बताया कि भगत सिंह चौक व मंदिर के पास ठेका खोलने को लेकर क्षेत्रवासियों ने विरोध जताया था। क्षेत्रवासी वीरेंद्र नैन ने सीएम विंडो में यह शिकायत की थी। इसके जवाब में आबकारी विभाग ने संबंधित जगह पर ठेका अलॉट नहीं करने का आश्वासन दिया था। परंतु विभाग ने चौक पर ठेका अलॉट कर दिया है।
शहरवासियों ने कहा कि इस गंभीर समस्या को लेकर शहर में हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद बुधवार को एसडीएम डाॅ. किरण सिंह को इसकी शिकायत दी जाएगी। सीएम विंडो निगरानी कमेटी के चेयरमैन रिछपाल शर्मा ने बताया कि इस ठेके की शिकायत मार्च में की गई थी। इसके बाद अाबकारी विभाग के अधिकारियों से बात की गई थी। उन्होंने आश्वासन दिया था कि आगामी समय मार्च के बाद भगत सिंह चौक के पास ठेका अलॉट नहीं किया जाएगा। शर्मा ने कहा कि अगर अब यहां पर शराब का ठेका खोल दिया गया है तो अधिकारियों से दोबारा मिलकर इस समस्या का समाधान करवाया जाएगा।
नरवाना. भगत सिंह चौक के पास खुला शराब ठेका।