कंट्रोल से बिकने जा रहा राशन पकड़ा , सेल्समैन ने की महिला से मारपीट
राशन बांटने के लिए आए वाहन को घेरे खड़े हुए लोग।
भास्कर संवाददाता|नरवर
नरवर क्षेत्र में कंट्रोल पर गरीबों के बांटने के लिए आए राशन को मंगलवार को ग्राम की कुछ महिलाओं ने पकड़ लिया तो सेल्समैन ने महिलाओं के साथ मारपीट शुरू कर दी। ग्रामीणों की भीड़ को देखकर सेल्समैन भाग गया। जानकारी के अनुसार विकासखंड के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत के ग्राम श्यामपुर की राशन की दुकान पर से मंगलवार की सुबह लगभग 4 बजे लोडिंग गाड़ी में राशन का सामान भरा जा रहा था। तभी ग्राम की महिला प्रधान मीरा फूला आदिवासी ने राशन की दुकान पर गाड़ी की रोशनी देखी तो महिलाओं ने जाकर देखा तो पता चला कि राशन की दुकान का सेल्समैन गाड़ी में गेहूं भरवाकर ले जा रहा है। इसके बाद महिलाओं ने जब विरोध किया तो सेल्समैन ने महिलाओं को मारना पीटना शुरू कर दिया बाद में जब महिलाओं ने शोर मचाया तो ग्रामीणों की भीड़ को देखकर सेल्समैन भाग गया। इसके बद महिलाओं ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी।लेकिन किसी ने कोई कार्रवाई करने के लिए नहीं आया और दोपहर 12 बजे मीडिया ने जब मामला की जानकारी जिले के अधिकारियों की दी तब कहीं जाकर मौके पर प्रशासनिक अमला पहुंचा लेकिन फूड इंस्पेक्टर देरी से आए व फूड इंस्पेक्टर ने पंचनामा बनाया और कार्रवाई के लिए एसडीएम के पास प्रकरण भेजने की बात कही है। वहीं ग्रामीण महिला प्रधान ने सीहोर थाना जाकर सेल्समैन नारायण रावत के खिलाफ कार्रवाई के लिए शिकायत दर्ज कराई है।