छावनी परिषद द्वारा बड़ी मंडी क्षेत्र में स्लाटर हाऊस के पास एक निर्माणाधीन अतिक्रमण को विरोध के बीच जेसीबी की सहायता से ध्वस्त कर दिया।
जानकारी के अनुसार बड़ी मंडी निवासी शेरू नामक व्यक्ति क्षेत्र में सरकारी भूमि पर मकान बनाकर अतिक्रमण कर रहा था। जिसमें उसने कमरे बनाकर आरसीसी की छत डाल दी थी। छावनी अधिशाषी अधिकारी एच एस मीणा को शिकायत मिलने पर वह सोमवार सांय छावनीकर्मियों के दस्ते के साथ जेसीबी व डम्पर आदि लेकर मौके पर पंहुच गए। छावनी कर्मचारियों ने जेसीबी की सहायता से आगे की तरफ रहे एक कमरे को ध्वस्त कर दिया और उसकी आरसीसी की छत को भी ध्वस्त कर दिया। लेकिन इसी दौरान मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई और विरोध शुरू हो गया। अतिक्रमी और क्षेत्रवासियों का कहना था कि नगर में विभिन्न स्थानों पर बड़ी संख्या में भारी अतिक्रमण हो रखा है उन पर कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही। विरोध होने पर जेसीबी रोक दी गई। इसके बाद अतिक्रमी द्वारा छावनी ईओ को स्वंय के स्तर पर शेष अतिक्रमण हटाने की बात कहने पर छावनी कर्मियों ने शेष अतिक्रमण को छोड़ दिया और दस्ता वापिस रवाना हो गया।
कार्यवाही के दौरान छावनी ईओ मीणा के साथ वाटर फोरमैन सतीश कुमार, प्रवीन यादव, सफाई अधीक्षक आशीष शर्मा, जमादार आदि भी उपस्थित थे। गौरतलब है कि पूर्व भी उक्त स्थान पर निर्माण कार्य कर अतिक्रमण करने पर छावनी परिषद द्वारा कार्रवाई कर उसे तोड़ा गया था और आज फिर उसी स्थान पर परिषद ने दूसरी बार कार्रवाई की।
नसीराबाद. छावनी परिषद जेसीबी से ध्वस्त किया गया अतिक्रमण।