नसीराबाद| नगर कांग्रेस कमेटी ने मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री कालीचरण सर्राफ को पत्र भेजकर स्थानीय राजकीय आयुर्वेदिक औषद्यालय में होम्योपैथी चिकित्सक उपलब्ध करवाने और औषद्यालय में दवाईयां निशुल्क उपलब्ध करवाने की मांग की है। नगर कांग्रेस कमेटी के महामंत्री योगेश परिहार और विनोद जादम ने पत्र में बताया कि नगर में राजकीय आयुर्वेदिक औषद्यालय ए श्रेणी का चिकित्सालय उपलब्ध है जहां पर आयुर्वेद पद्धति से उपचार किया जाता है। औषद्यालय का स्वंय का अपना विशाल भवन है। परिहार व जादम ने पत्र में बताया कि नगर में होम्योपैथी चिकित्सक की सुविधा नहीं होने से नागरिकों को इस चिकित्सा पद्धति से उपचार कराने में परेशानी का सामना करना पड़ता है और अजमेर जाकर निजि चिकित्सकों के पास उपचार करवाना पड़ता है जो कष्टदायक व आर्थिक रूप से नुकसानदायक है। परिहार व जादम ने आयुर्वेदिक चिकित्सालय में एक होम्योपैथी चिकित्सक की नियुक्ति करने की मांग की है ताकि नगरवासियों को होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति का लाभ भी मिल सके और वह अपना उपचार होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति से करवा सके। परिहार व जादम ने बताया कि आयुर्वेदिक औषद्यालय के विशाल भवन में इस हेतु स्थान भी उपलब्ध है। इसी के साथ पत्र में एलोपैथी की भांति आयुर्वेदिक व होम्योपैथी दवाएं भी निशुल्क उपलब्ध करवाने की मांग की है।