पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • 42 एटीएम में से 30 खाली, 4 करोड़ की जगह हर रोज डाले जा रहे अब डेढ़ करोड़

42 एटीएम में से 30 खाली, 4 करोड़ की जगह हर रोज डाले जा रहे अब डेढ़ करोड़

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जिले में कुल एटीएम 79 जिसमें से 54 खाली हैं

भास्कर संवाददाता | सीहोर

एक बार फिर से नोट बंदी के समय जैसी स्थिति दिखाई देने लगी है। अधिकांश एटीएम बंद पड़े हैं। जिनमें रुपए हैं भी तो वह इतने कम हैं कि कुछ समय के लिए ही यहां से नकदी मिल पा रही है। यही नहीं बैंकों के पास भी नकदी की दिक्कत सामने आने लगी है। मंगलवार को शहर के 42 एटीएम में से करीब 30 खाली पड़े थे। हालत यह है कि जहां नगर के एटीएम में करीब 4 करोड़ रुपए प्रतिदिन डाले जाते थे वहीं अब यह राशि घटकर डेढ़ करोड़ रह गई है। यही स्थिति आष्टा, इछावर, श्यामपुर, नसरुल्लागंज की भी देखने को मिल रही है।

रुपए नहीं निकल पाने से लोग बहुत परेशान हैं लेकिन उनकी कहीं भी सुनवाई नहीं हो पा रही है। मंगलवार को भी यही स्थिति थी। तहसील चौराहा, मनकामेश्वर मंदिर के पास, बस स्टैंड, मेन रोड, भोपाल नाका सहित अन्य जगहों के अधिकांश एटीएम खाली पड़े थे। कुछ एटीएम ही थे जो काम कर रहे थे।

एटीएम बंद होने से लोग हो रहे परेशान, किसी को विवाह तो किसी को इलाज के लिए भी नहीं मिले रुपए

कहां पर क्या स्थिति

सीहोर शहर

कुल बैंकों की संख्या 33

एटीएम की संख्या 42

खाली एटीएम 30

आष्टा नगर

कुल बैंकों की संख्या 14

एटीएम की संख्या 17

खाली एटीएम थे 12

बुदनी नगर

कुल बैंकों की संख्या 4

एटीएम की संख्या 10

खाली एटीएम 2

नसरुल्लागंज नगर

कुल बैंकों की संख्या 5

एटीएम की संख्या 10

सभी एटीएम खाली

रिश्तेदारों से लिया पैसा उधार

नसरुल्लागंज के किसान रामअवतार पंवार ने बताया कि बेटी की शादी के लिए दो दिन से जिला सहकारी केंद्रीय बैंक में इस इंतजार में बैठे हैं कि यहां से नकद राशि मिलेगी। तीसरे-चौथे दिन नंबर आ रहा है। ऐसे में शादी के लिए रिश्तेदारों से पैसा उधार लिया है। सौरभ अग्रवाल ने कहा कि मैं चार दिन से कोशिश कर रहा हूं। हर बार रुपए नहीं होने का मैसेज आ जाता है।

जरूरत के अनुसार नहीं मिल पा रहा रुपया

एसबीआई शाखा प्रबंधक विजय वर्मा ने बताया कि वैसे तो सारे एटीएम में कैश डाला जा रहा है, लेकिन आवश्यकतानुसार आरबीआई से कैश मिल नहीं मिल पा रहा है। इससे थोड़ी परेशानी जरूर आ रही है। एलडीएम प्रकाश पेंढारकर ने बताया कि बैंकों में लेनदेन हो रहा है। कलेक्टर तरुण कुमार पिथोड़े ने बताया कि कुछ कैश आज आया है और कुछ कल तक और आ जाएगा।

कैसे हुई लोगों को परेशानी

1
दोपहर 12.30 बजे के करीब तहसील चौराहा स्थित आईडीबीआई बैंक में गौतम तोमर रुपए निकालने पहुंचे। यहां पर बताया गया कि लिंक फेल है। इसलिए कैश नहीं दे सकेंगे। यहीं पर मेन रोड के अनिल रुपए जमा करने आए लेकिन इनके रुपए भी जमा नहीं हो सके। उनसे कहा गया कि एटीएम में जाकर जमा कर दो तो वहां पर भी यह कैश जमा नहीं हो सका।

2 जमोनिया गांव से राकेश मीणा दोपहर एक बजे अपने परिजनों के साथ विवाह की खरीदी करने आए। जब वह रुपए निकालने मनकामेश्वर मंदिर के एटीएम पर गए तो वहां पर भी कैश नहीं निकल सका। इसके बाद वह आईडीबीआई, बीओआई के एटीएम पर भी गए लेकिन सभी जगह एटीएम बंद थे।

3 इंग्लिशपुरा निवासी रीना मालवीय डिग्री कॉलेज में पढ़ती हैं। रीना भोपाल नाका आईडीबीआई बैंक के एटीएम में गईं तो वह बंद था। बैंक आफ इंडिया का एटीएम भी पास था लेकिन यहां पर भी कुछ नहीं मिला। उसने बताया कि केवल 500 रुपए उसे प्रोजेक्ट बनाने के लिए निकालने थे लेकिन परेशान हो गई, रुपए कहीं से भी नहीं निकले।

खबरें और भी हैं...