राला गांव में एक माह से स्कूल से गायब शिक्षक को नोटिस जारी
नसरुल्लागंज | नसरुल्लागंज क्षेत्र के राला गांव में शासकीय हाईस्कूल के एक शिक्षक बिना किसी सूचना के एक माह से गायब हैं। इसके लिए विभागीय अधिकारियों ने शिक्षक पर एक माह बाद नोटिस जारी किया गया कि आप एक माह से निरंतर अनुपस्थित है। आप संस्था में वाजिब कारणों के साथ उपस्थित हो अन्यथा आपके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। शासकीय हाईस्कूल के अध्यापक करण सिंह मस्कोले 16 मार्च से लगातार संस्था में अनुपस्थित हैं। जिसके कारण शैक्षणिक कार्य के साथ-साथ विभागीय कार्य भी पिछड़ रहे हैं। उक्त शिक्षक के एक माह से लंबित होने के कारण संस्था प्रधान ने इसकी सूचना संकुल केंद्र के प्राचार्य व विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय को दी। इस पर संकुल प्राचार्य प्रेमनारायण पैठारी ने उक्त शिक्षक को नोटिस जारी कर हिदायत दी है कि तीन दिवस के भीतर यदि आप वाजिब कारणों के साथ संस्था में उपस्थित नहीं हुए तो आपके खिलाफ एक पक्षीय कार्रवाई कर प्रतिवेदन वरिष्ठ कार्यालय को प्रेषित किया जाएगा।