- Hindi News
- National
- समर्थन मूल्य पर चने की खरीदी शुरू, पहले दिन 5 किसानों से खरीदा 30 क्विंटल चना
समर्थन मूल्य पर चने की खरीदी शुरू, पहले दिन 5 किसानों से खरीदा 30 क्विंटल चना
भास्कर संवाददाता| नसरुल्लागंज
नगर की कृषि उपज मंडी में समर्थन मूल्य पर चने की खरीदी शुरू करने के लिए गुरुवार को मार्केटिंग चेयरमैन अमर सिंह पंवार व महामंत्री राजेश लखेरा ने खरीदी केंद्र का शुभारंभ किया। शुभारंभ के बाद से भोपाल से 70 किसानों को उपज बेचने एसएमएस छोड़े गए, लेकिन शुक्रवार को 70 में से मात्र 5 किसान ही अपनी उपज लेकर मंडी पहुंचे। जिनसे पहले दिन 30 क्विंटल 50 किलो चना एफएक्यू क्वालिटी के मानकों के आधार पर खरीदा गया।
खरीदी केंद्र पर चने की 4400 रुपए प्रति क्विंटल की दर से भुगतान और 100 रुपए बोनस पर खरीदी शुरू की गई हैं। इसके लिए क्षेत्र के 8516 किसानों ने पंजीयन कराया है। नेफेड खरीदी का कार्य मार्केटिंग सोसायटी से कराया जा रहा है। वहीं खरीदी के लिए नसरुल्लागंज, गोपालपुर व लाड़कुई मंडी में केंद्र बनाए गए हैं। मार्केटिंग प्रबंधक मनोहर पंवार ने बताया कि पहले दिन भोपाल से 70 किसानों को एसएमएस के माध्यम से उपज बेचने सूचना दी गई, लेकिन किसानों द्वारा एसएमएस न पढ़ पाने से पहले दिन किसानों की संख्या मात्र पांच ही रही। उन्होंने बताया कि हमें किसानों को मोबाइल पर सूचना देनी पड़ रही है।
समर्थन मूल्य पर चने की खरीदी का शुभारंभ करते हुए।
मंडी में पहले ही बेच गए उपज
इधर अधिकांश किसानों को उड़द व सोयाबीन की राशि में आई परेशानियों को देखते हुए इस बार किसानों ने चने की उपज को समर्थन मूल्य पर विक्रय करने के लिए कुछ खासा मन नहीं दिखाई दे रहा हैं। किसानों का कहना है कि गेहूं का भुगतान तो समय पर किया नहीं जा रहा है। यदि चने का भुगतान भी अटक गया तो आगामी व्यवस्थाएं बिगड़ जाएगी। वहीं मंडी में चने की खरीदी कर रही सोसायटी ने मंडी में सभी तैयारियां पूर्ण कर खरीदी शुरू कर दी है। इधर समर्थन मूल्य पर उपज बेचने वाले किसानों को समय पर उपज का भुगतान नहीं मिल पा रहा हैं।