अक्षय तृतीया पर सामूहिक विवाह में 84 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे
नसरुल्लागंज | अक्षय तृतीया के अबूझ मुहूर्त में नगर सहित संपूर्ण क्षेत्र में विवाह की धूम रही। सुबह से ही नगर में वर-वधुओं का आगमन हो गया। वैवाहिक खरीदारी के लिए भी नगर में जमकर भीड़ रही। नगर में कपड़ा, बर्तन, इलेक्ट्रानिक सहित सराफा व्यापार में जमकर खरीदी हुई। नगर के मीणा समाज की धर्मशाला में अक्षय तृतीया पर 28वें वर्ष में 32 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। वहीं क्षेत्र के गांव छिदगांव काछी श्रीराम मंदिर के सामने कुशवाह समाज का विवाह सम्मेलन संपन्न हुआ। भाजपा उपाध्यक्ष गणेशराम कुशवाह ने जानकारी देते हुए बताया कि 31 सालों से समाज सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित कर रहा है। इसके तहत इस साल 52 जोड़ों का विवाह हुआ।