भास्कर संवाददाता| नसरुल्लागंज
जिस छात्र के गुम होने और बदले में फिरौती मांगे जाने की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई मामले का पटाक्षेप होने पर वही इसका मास्टर माइंड निकला। इतना ही नहीं वापस आने के बाद उसने पुलिस को बताया कि वह देखना चाहता था कि परिवार के लोग उसकी कितनी चिंता करते हैं।
थाना नसरुल्लागंज में झाली निवासी देवलाल धनगर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका नाती सचिन धनगर लाड़कुई कॉलेज में परीक्षा देने गया था इसके बाद वह लौटकर घर वापस नहीं आया। बाद में उसके जीजा रतनपुर रेहटी निवासी रामरूप चौहान के मोबाइल पर दो लाख रुपए की फिरौती की मांग की।
साइबर सेल की मदद से वापस बुलाया: जानकारी मिलने पर पुलिस ने साइबर सेल की मदद ली। बाद में उसे पंजाब मेल ट्रेन से इटारसी बुलाया गया। सचिन धनगर से पूछताछ की तो उसने बताया कि वह यह देखना चाहता था कि परिजन मेरी कितनी चिंता करते हैं। मोबाइल से अपने जीजा राम रूप चौहान को फिरौती की धमकी दी। इस पूरे मामले को सुलझाने में टीआई निरंजन शर्मा के साथ उनके सहयोगी राकेश सिसोदिया, शिवलाल, लवेश, रामजी की मह्त्वपूर्ण भूमिका रही।
जीजा के मोबाइल पर मैसेज कर मांगे थे 2 लाख रुपए
जांच के दौरान में गुमशुदा सचिन धनगर के जीजा राम रूप चौहान निवासी रतनपुर के मोबाइल पर मैसेज के माध्यम से सचिन धनगर की जान के बदले में 2 लाख की फिरौती की मांग की गई।