नसरुल्लागंज| सहकारिता विभाग अब शीर्ष सहकारी संस्थाओं और जिला सहकारी केंद्रीय बैंक में भी कर्मचारियों की असामयिक मौत पर उनके परिवार के आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति प्रदान करेगा। इस संबंध में सहकारिता विभाग के पंजीयक केसी गुप्ता ने आदेश जारी कर दिए हैं। अनुकंपा नियुक्ति के लिए नियम भी बना दिए हैं। अब तक शासन के अन्य विभागों में तो अनुकंपा नियुक्ति का प्रावधान था, लेकिन जिला सहकारी केंद्रीय बैंक और सहकारी समितियों में कार्यरत कर्मचारियों के लिए ऐसा कोई नियम नहीं था। शासन ने सहकारिता विभाग में भी अनुकंपा नियुक्ति के प्रावधान लागू कर दिए हैं।