चूल्हे के धुएं से होने वाली बीमारियों से उज्जवला योजना से राहत मिली है
भास्कर संवाददाता | नसरुल्लागंज
प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत क्षेत्र के गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले परिवारों की महिलाओं को न केवल धुएं से होने वाली बीमारियों से मुक्ति मिली है, बल्कि चूल्हे पर खाना बनाने में लगने वाला समय भी कम हुआ हैं। प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत क्षेत्र की हजारों महिलाएं धुएं की घुटन से मुक्त हो चुकी हैं।
नगर की तनोट भारत गैस एजेंसी द्वारा नगर के मिलन मैरिज गार्डन में मंगलवार को विशेष शिविर लगाकर लगभग 200 से अधिक महिलाओं को योजना के तहत न केवल निशुल्क गैस कनेक्शन दिए, बल्कि गैस सुरक्षा के विभिन्न उपायों के बारे में जानकारी भी दी। शिविर में इटावा अमीरगंज निवासी संगीता बाई, अनसुइया बाई, नगर की पावत्री बाई व देवकी बाई सहित कई गांवों से आई महिलाओं का कहना था कि सालों से चूल्हे के धुएं से पीड़ित होती आंखों को उज्जवला योजना से बहुत राहत मिली है। बरसात में लकड़ियां गीली होने से खाना बनाना बहुत मुश्किल होता था। चूल्हे फूंक-फूंक कर हम काफी परेशान हो जाती थी। लेकिन प्रधानमंत्री उज्जवला योजना योजना एक अभिनव योजना हैं। जिसे हम आज लाभान्वित हुए हैं।