पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • किसानों के विरोध के बाद हुआ परिवहन एक ही दिन में उठा 2100 क्विंटल चना

किसानों के विरोध के बाद हुआ परिवहन एक ही दिन में उठा 2100 क्विंटल चना

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
लगभग 800 किसानों से 15 हजार क्विंटल चना खरीदी शेष

भास्कर संवाददाता | नसरुल्लागंज

समर्थन मूल्य पर लाड़कुई खरीदी केंद्र पर की जा रही चने की खरीदी दूसरे दिन भी प्रभावित रही। सुबह 11 बजे तक परिवहन न होने की स्थिति में खरीदी बंद रही। खुले आसमान के नीचे लगभग 12000 क्विंटल चना पड़ा होने से स्थानाभाव की समस्या बनी रही। खरीदी बंद होने से किसानों ने हंगामा खड़ा कर दोपहर 11 बजे लाड़कुई मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार सनावतराव देशमुख मौके पर पहुंचे और परिवहनकर्ता को बुलाकर हिदायत दी कि शीघ्र अति शीघ्र परिवहन किया जाए। केंद्र पर 7 गाड़ी आने के बाद परिवहन का कार्य शुरू किया साथ ही खरीदी भी शुरू कराई गई, जिस पर किसानों का गुस्सा शांत हुआ।

बुधवार को सुबह 11 बजे तक लाड़कुई केंद्र पर परिवहनकर्ता ने परिवहन शुरू न किए जाने की दशा में किसानों ने लाड़कुई मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने व्यवस्था संभालते हुए परिवहन का कार्य शुरू कराया। परिवहन शुरू होते ही केंद्र पर दोपहर 12 बजे के बाद खरीदी शुरू की गई। सोसायटी के सचिव जनार्दन शर्मा ने बताया कि परिवहन होने पर बुधवार को 800 क्विंटल चना दिन में खरीदा गया। वहीं नायब तहसीलदार के हिदायत के बाद परिवहनकर्ता ने 2100 क्विंटल चना केंद्र से उठा लिया गया।

सोसायटी प्रबंधक की मानें तो ट्रांसपोर्टर द्वारा अधिकारियों को 20 गाड़ी केंद्र पर भेजने की बात कहीं थी, लेकिन देर शाम तक 7 गाड़ी ही आई। लाड़कुई क्षेत्र के लगभग 800 किसानों से 15 हजार क्विंटल चना खरीदी शेष बची हुई है।

परिवहन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी

चने की खरीदी में परिवहनकर्ता द्वारा की जा रही लापरवाहियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। परिवहनकर्ता को सख्त निर्देश दिए गए कि केंद्र पर जितना हो सके अधिक से अधिक वाहन लगाकर परिवहन की गति में तेजी लाए जाए। जिससे चना खरीदी प्रभावित ना हो। एचएस चौधरी, एसडीएम नसरुल्लागंज

खबरें और भी हैं...