अक्षय तृतीया से पहले बाजार में खरीदारों को उमड़ी भीड़
भास्कर संवाददाता | नसरुल्लागंज
18 अप्रैल को अक्षय तृतीया पर शुभ मुहूर्त में विवाह समारोह होंगे। इसको लेकर बाजार में खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। इधर, एक माह से चल रहा मलमास 14 अप्रैल को खत्म हो गया है। अब विवाह और मंगल कार्य शुरू हो गए हैं। विवाह के मुहूर्त 18 अप्रैल से शुरू होंगे, जो 11 जुलाई तक चलेंगे। 23 जुलाई से चार माह के लिए देवशयन शुरू हो जाएगा। हालांकि देवउठनी ग्यारस के बाद भी गुरु-शुक्र का तारा अस्त होने और मलमास के कारण कोई मुहूर्त नहीं है। लोगों ने शादियों के लिए बाजार से खरीदारी करनी शुरू कर दी है। वैवाहिक सीजन के चलते नगर के कपड़ा, सराफा, बर्तन, फर्नीचर, इलेक्ट्रानिक, दुकानों सहित ऑटो मोबाइल शोरूम पर खरीदारों की भीड़ उमड़ना शुरू हो गई है। खरीदारों की भीड़ दोपहर से लेकर देर रात तक देखी जा रही है। वहीं 11 जुलाई तक 36 दिन मांगलिक कार्य व शादी- विवाह के लिए शुभ मुहूर्त रहेंगे।
23 जुलाई से 19 नवंबर तक देवशयन
पंडित संजय शास्त्री के अनुसार 11 जुलाई को इस साल विवाह का आखिरी मुहूर्त है। इसके बाद 23 जुलाई से 19 नवंबर तक देवशयन काल रहेगा। देवउठनी एकादशी के साथ विवाह के मुहूर्त शुरू हो जाते हैं। लेकिन 17 से 31 अक्टूबर तक शुक्र का तारा अस्त रहेगा। वहीं गुरु का तारा 12 नवंबर से अस्त हो जाएगा, जो सात दिसंबर को उदित रहेगा। 16 दिसंबर से मलमास लग जाएगा। जो 14 जनवरी 2019 तक रहेगा। ऐसे में विवाह के मुहूर्त अगले साल मकर संक्रांति के बाद ही है। ज्योतिषियों का कहना है कि 11 जुलाई के बाद शुभ मुहूर्त नहीं है। 23 जुलाई को देवशयनी एकादशी के साथ देव सो जाएंगे। ज्योतिष पक्ष के हिसाब से इस अवधि में शुभ मांगलिक कार्य वर्जित रहते हैं। वहीं पंडितों के अनुसार विवाह के मुहूर्त की तारीखें अलग-अलग पंचागों ने अगल दी हैं।
पर्व
मई और जून माह में विवाह के ज्यादा शुभ मुहूर्त, कपड़ा, सराफा, बर्तन, फर्नीचर ओर इलेक्ट्रॉनिक्स की अच्छी खरीदारी
18 अप्रैल से जुलाई तक विवाह के लिए कई विशेष मुहूर्त
पंडित राजेश शर्मा के अनुसार 18 अप्रैल से जुलाई तक की अवधि में शुभ मुहूर्त रहेंगे। अप्रैल 18, 24, 25, 27, 28 व 30, मई में एक से 13 मई तक, जून में 18 से 29 जून तक व जुलाई में 5, 6, 9, 10 व 11 जुलाई को विशेष शुभ मुहूर्त रहेंगे। देवउठनी एकादशी के बाद भी विवाह के मुहूर्त नहीं, जुलाई के बाद सीधे नए साल में शादियां होंगी।