जब तक सांस है, जनता की सेवा करता रहूंगा: शिवराज
भास्कर संवाददाता | नसरुल्लागंज
मैंने संकल्प लिया कि जब तक मेरी सांस है मैं जनता की सेवा करता रहूंगा। प्रदेश में किसानों की आय बढ़ाने के लिए सिंचाई का रकबा बढ़ा है। जहां नहरों के माध्यम से सिंचाई संभव नहीं है, वहां उद्वहन सिंचाई योजनाएं बनाकर किसानों के खेतों में पानी पहुंचाया जा रहा है।
यह बातें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गोपालपुर में किसान सम्मान यात्रा के समापन पर कहीं। उन्होंने कहा कि बजट में किसान कल्याण योजनाओं के माध्यम से 20 हजार करोड़ रुपए किसानों के खातों में पहुंचाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने इस अवसर पर मुख्यमंत्री असंगठित मजदूर कल्याण योजना के बारे में बताया कि योजना के तहत 1 करोड़ 75 लाख पंजीयन किए जा चुके हैं। जिससे अब मजदूरों को जमीन का पट्टा, पक्का मकान, कक्षा पहली से उच्च शिक्षा तक फीस सरकार भरेगी। इसके अलावा ढाई एकड़ के किसानों को भी सम्मिलित कर उन्हें लाभान्वित किया जाएगा।
यह हुए लोकार्पण व भूमिपूजन : मुख्यमंत्री ने 441 करोड़ की छीपानेर माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का शिलान्यास, 21 करोड़ 69 लाख की नलजल योजना व गोपालपुर में दो करोड़ से बने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण किया।
यह रखी मांग: भाजपा जिला उपाध्यक्ष रवि मालवीय ने गोपालपुर में कॉलेज, आईटीआई, टप्पा तहसील, खेल मैदान, सड़क, मंडी में वेयर हाऊस, बैंक सहित विभिन्न गांवोें में सड़क आदि की मांग की, जिस पर मुख्यमंत्री ने सहमति व्यक्त की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री प्रमाण पत्र वितरण करते हुए।
16 अप्रैल को किसानों के खातों में आएगी गेहूं की राशि
उन्होंने कहा कि 16 अप्रैल को किसानों के खातों में पिछले साल समर्थन मूल्य पर फसल बेचने वाले 10 लाख किसानों को दो सौ रुपए प्रति क्विंटल के मान से 1600 करोड़ रुपए राशि डाली जाएगी। इसके अलावा इस वर्ष गेहूं बेचने पर 265 रुपए प्रति क्विंटल के मान से प्रोत्साहन राशि दे रही है।