- Hindi News
- National
- जेपी मार्केट से सुदामा सेतु तक यातायात व्यवस्था नहीं, लग रहा है बार बार जाम
जेपी मार्केट से सुदामा सेतु तक यातायात व्यवस्था नहीं, लग रहा है बार-बार जाम
वैवाहिक कार्यक्रमों के समय यातायात व्यवस्था फेल हो जाती है
भास्कर संवाददाता | नसरुल्लागंज
नगर के मुख्य जेपी मार्केट से लेकर सुदामा सेतु तक ट्रैफिक व्यवस्था सालभर ही गड़बड़ाई रहती है। फिलहाल इस मार्ग से गुजरने वाले लोग और दुकानदार सिर्फ एक ही बात कर रहे हैं कि कम से कम अक्षय तृतीया तक तो पुलिस यहां की यातायात व्यवस्था संभाल ले।
दरअसल अक्षय तृतीया पर होने वाले विवाह कार्यक्रमों की खरीदारी के चलते यहां पर यातायात व्यवस्था हर पांच-पांच मिनट में फेल हो रही है। ऐसी स्थिति में जाम लगना सामान्य बात हो गई हैं। वहीं दोनों तरफ पार्किंग व्यवस्था होने से भी परेशानियां बढ़ गई है।
ग्रामीण क्षेत्र के लोग अक्षय तृतीया पर होने वाले विवाह समारोह के लिए यहां आकर जमकर खरीदारी कर रहे हैं। ऐसे में यहां पर सामान्य दिनों से अधिक आवागमन हो रहा है। मंडी में आने वाले किसानों की संख्या भी बड़ी है।
यातायात व्यवस्था से मिलेगी राहत : ग्रामीण क्षेत्र से आने वाले लोगों की संख्या बढ़ने के बाद में यहां की व्यवस्था को कम से कम 18 अप्रैल तक तो संभाला ही जा सकता है। 18 अप्रैल को अक्षय तृतीया शुभ मुहूर्त होने के कारण इस दिन वैवाहिक कार्यक्रम अधिक होते हैं। ऐसे में शादी की खरीदी के लिए लोगों की चहल पहल रहती है। ऐसे में यदि यातायात व्यवस्था ठीक हो जाती है तो लोगों को थोड़ी राहत मिलेगी।
दोनों तरफ हो रही है पार्किंग : बाजार में खरीदी करने आने वाले लोग अपने वाहनों को मुख्य मार्गों के दोनों साइड लगा देते है। जिससे जेपी मार्केट की सड़क 10 फिट तक ही सिमट कर रह जाती है। ऐसे में यदि कोई बड़ा वाहन आ जाता हैं तो जाम लगना तय है। इस संबंध में तो नगर परिषद ने भी अभी तक कोई एक्शन प्लान तैयार नहीं किया है। जबकि पुलिस की मानें तो नगर की व्यवस्था को दुरुस्त करने में नगर परिषद की भी उतनी ही जिम्मेदारी है जितनी की पुलिस की है।
पैदल चलना हो रहा मुश्किल
नगर के दुर्गा मंदिर चौक से लेकर आजाद मार्केट, ऋषि नगर से लेकर सीहोर नाके तक लोगों को पैदल चलने में भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। स्कूल बस या अन्य वाहनों के आ जाने पर तो कई मिनट तक जाम की स्थिति बन जाती है। हालांकि यहां तो हर रोज यहीं हालात रहते हैं।
स्कूल बस या अन्य वाहनों के आ जाने पर तो कई मिनट तक जाम की स्थिति बन जाती है
व्यवस्था पर ध्यान देंगे
पुलिसकर्मियों की ड्यूटी व्हीआईपी कार्यक्रमों में होने, समय-समय पर आंदोलन होने में ही लगी रहती हैं। मुख्य बाजार में जाम न लगे इसके लिए व्यवस्था पर ध्यान दिया जा रहा है। पुलिस का मोबाइल वाहन गश्त कर व्यापारियों को समझाईश देगा कि वह ग्राहकों के वाहन मुख्य मार्ग पर खड़े न होने दे। इसके साथ ही चालानी कार्रवाई भी की जाएगी। -निरंजन शर्मा टीआई नसरुल्लागंज