पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • कॉलेजों में 21 मई शुरू होगी नए सत्र की एडमिशन प्रक्रिया

कॉलेजों में 21 मई शुरू होगी नए सत्र की एडमिशन प्रक्रिया

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कॉलेजों में 21 मई शुरू होगी नए सत्र की एडमिशन प्रक्रिया

भास्कर संवाददाता | सीहोर

विश्वविद्यालय और कॉलेजों में संचालित स्नातक (यूजी) और स्नातकोत्तर (पीजी) कोर्स के लिए समान पात्रता तय की है। अब बीसीए में गणित से 12वीं की पढ़ाई करने वाले छात्रों को ही एडमिशन मिलेगा। बीए-ऑनर्स (कंप्यूटर साइंस) में भी बदलाव किया गया है। इसके चलते अब बीए स्तर पर कंप्यूटर साइंस विषय में आगामी सत्र से छात्रों को एडमिशन नहीं दिया जाएगा।

शासन द्वारा 14 कोर्स के लिए एक समान पात्रता तय की गई है। कॉलेजों में एडमिशन की प्रक्रिया 21 मई के शुरू हो जाएगी। लगभग सभी कोर्स में एडमिशन प्रक्रिया और प्रवेश परीक्षा इसी दौरान होंगी। हालांकि शनिवार देर शाम तक एडमिशन का टाइम टेबल जारी नहीं हो पाया है। जिले के 12 शासकीय कॉलेजों सहित करीब 40 से अधिक प्राइवेट कॉलेज में नए सत्र में प्रथम वर्ष कक्षाओं में करीब 12 हजार सीटों पर एडमिशन दिए जाना हैं।

प्रवेश कार्यक्रम जारी

जिले के शासकीय कॉलेजों में सीहोर के पीजी कॉलेज, गर्ल्स कालेज, आष्टा, इछावर, नसरुल्लागंज, जावर, लाड़कुई, रेहटी सहित अन्य कॉलेजों में उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जारी प्रवेश कार्यक्रम के तहत प्रथम और द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों को एडमिशन दिया जा सकेगा। चंद्रशेखर आजाद नोडल पीजी कॉलेज की प्राचार्य डॉ. पुष्पा दुबे ने बताया कि 21 मई से एडमिशन शुरु होने के निर्देश मिले हैं।

लीड कॉलेज में सबसे ज्यादा कोर्स संचालित

सीहोर के पीजी कॉलेज में स्नातक और स्नातकोत्तर मिलाकर सर्वाधिक दो दर्जन कोर्सेस संचालित हैं। यहां बरकतउल्ला यूनिवर्सिटी के अलावा इग्नू का भी सेंटर है। 12वीं का रिजल्ट आते ही अब बीकॉम, बीए, बीएससी, बीसीए, बीबीए समेत अन्य कोर्सेस में एडमिशन शुरू हो जाएंगे। छात्रों के पास जिले के 12 शासकीय काॅलेजों में विकल्प हैं। 12वीं और 10वीं की मार्कशीट और टीसी के आधार पर प्रवेश होंगे। 23 मई के आसपास लिंक खुल सकती है। पहले और दूसरे दौर की सूची 15 जून तक आएगी। हर सूची के बाद तीन दिन का समय फीस और दस्तावेज जमा कराने के लिए मिलेगा।

खबरें और भी हैं...