युवा मोर्चा आज करेगा सफाईकर्मियों का सम्मान
राजसमंद| भारतीय जनता युवा मोर्चा शनिवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर की 127वीं जयंती पर नगर के सफाई कर्मचारियों को सम्मानित करेगा। जिला मीडिया संयोजक अरविंद सिंह भाटी ने बताया कि जिलाध्यक्ष जगदीश पालीवाल, सभापति सुरेश पालीवाल व पार्टी पदाधिकारियों की उपस्थिति में डॉ. अंबेडकर की जयंती पर मुखर्जी चौराहा स्थित वाल्मिकी बस्ती के सामुदायिक भवन में नगर परिषद राजसमंद कार्यरत सफाई कर्मचारियों के योगदान एवं बस्ती के विद्यार्थियों को जिनका परिणाम उत्कृष्ट रहा है, उन सभी को सम्मानित किया जाएगा।
अंबेडकर जयंती पर संविधान जागृति यात्रा निकालेंगे
राजसमंद| अंबेडकर जयंती शनिवार को संविधान जागृति यात्रा स्वाभिमान महारैली कांकरोली बालकृष्ण स्टेडियम से निकाली जाएगी। रैली में समुदाय के लोग नारे व जयघोष लगाते हुए पैदल चलेंगे। वहीं पीछे दुपहिया व चारपहिया वाहन रहेंगे। रैली मुख्य मार्ग पर पुरानी कलेक्ट्री व कलालवाटी होते हुए सौ फिट रोड स्थित अंबेडकर सर्कल पहुंचेगी। सर्कल पर जिलेभर से आए समाज के लोग डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन करेंगे।
देवगढ़| अंबेडकर की जयंती शनिवार को सोलंकी दरवाजा बाहर स्थित अंबेडकर सर्कल पर बाबा भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष और पूर्व मंत्री लक्ष्मणसिंह रावत की उपस्थिति में श्रद्धांजलि दी जाएगी। दूसरी और बहुजन समाज पार्टी की ओर से भी भीमराव अंबेडकर जयंती पर सर्व समाज भीम एवं देवगढ़ क्षेत्र में जयंती मनाई जाएगी। यह जानकारी युवा नेता रामलाल भाट ने दी।
विधायक राठौड़़ आज करेंगे अंबेडकर भवन का शिलान्यास
आमेट| विधायक सुरेंद्रसिंह राठौड शनिवार दोपहर 3 बजे हीरालाल देवपुरा राजकीय महाविद्यालय के सामने स्थित कुंभानगर में 50 लाख रुपए की लागत से बनने वाले अंबेडकर भवन का शिलान्यास करेंगे।
भवन का भूमि पूजन व शिलान्यास आज
नाथद्वारा| भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर अंबेडकर भवन का भूमि पूजन व शिलान्यास कार्यक्रम शनिवार को होगा। नपाध्यक्ष लालजी मीणा ने बताया कि सुबह 11 बजे नाथूवास स्थित कोर्ट परिसर के पीछे शिलान्यास किया जाएगा।