- Hindi News
- National
- सांसद राठौड़ ने देलवाड़ा क्षेत्र की 5 पंचायतों में किया गौरव पथ, सीसी सड़कों का लोकार्पण
सांसद राठौड़ ने देलवाड़ा क्षेत्र की 5 पंचायतों में किया गौरव पथ, सीसी सड़कों का लोकार्पण
देलवाड़ा| सांसद हरिओम सिंह राठौड़ ने शुक्रवार को देलवाड़ा क्षेत्र की बिलोता, कालीवास, शिशवी, करौली तथा लाल मादड़ी पंचायत में विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन किया। सांसद की पंचायतों के अटल सेवा केंद्रों पर जनसुनवाई भी हुई, सांसद ने लोगों की समस्या सुन कर संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। देलवाड़ा भाजपा मंडल की ओर से कार्यक्रम में विकास कार्यों के उद्घाटन कार्यक्रम में सांसद ने दोपहर 1 बजे बिलोता पंचायत में 10 लाख की लागत से बने किसान सेवा केंद्र, गौरव पथ का उद्घाटन कर जनसुनवाई की। ग्रामीणों ने मुख्य तौर पर पेयजल तथा हाइवे के अंडरपास पर रोड लाइट बंद रहने की समस्या बताई जिसके निदान के निर्देश दिए गए। कालीवास पंचायत में 60 लाख की लागत से बने गौरव पथ का उद्घाटन किया। जनसुनवाई में विद्यालय भवन निर्माण तथा पेयजल समस्या बताई गई। सांसद ने अपने मद से विद्यालय भवन निर्माण के लिए 5 लाख तथा पेयजल के लिए तंतेला गांव के लिए विशेष व्यवस्था करने को कहा गया। शिशवी पंचायत में 50 लाख की लागत के गौरव पथ, पेयजल टंकी का उद्घाटन तथा जनसुनवाई हुई। करौली पंचायत में पेयजल टंकी, भाटियों का गुढ़ा में सीसी सड़क के उद्घाटन के बाद जनसुनवाई हुई। लाल मादड़ी पंचायत में रामावि में नवनिर्मित कक्षा-कक्ष का उद्घाटन तथा सीसी सड़क का शिलान्यास व सामूहिक भवन का लोकार्पण हुआ। पंचायतों के अटल सेवा केंद्रों पर हुई जनसुनवाई में पेयजल, सड़क, साफ सफाई की समस्याएं मुख्य रही। सांसद ने समस्याओं पर संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान देलवाड़ा भाजपा मंडल अध्यक्ष संजय सिंह बारहठ, विधायक पुत्र योगेंद्र सिंह झाला, युवा मोर्चा प्रदेश प्रवक्ता लक्ष्मण सिंह झाला, ग्रामीण अध्यक्ष हरदयाल सिंह, नाथद्वारा अध्यक्ष प्रदीप काबरा, प्रधान शोभा पुरोहित आदि उपस्थित थे।