नाथद्वारा | राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय उपशाखा ने तृतीय श्रेणी शिक्षकों की होने वाली पदोन्नति की जारी सूची में खामियों को सुधारने के लिए सोमवार को शिक्षा निदेशक के नाम ज्ञापन सौंपा। सभाध्यक्ष धनश्याम माली, अध्यक्ष तिलकेश त्रिपाठी, राजेश्वर त्रिपाठी व विनोद कुमावत ने शिक्षा निदेशक को ज्ञापन भेज तृतीय श्रेणी शिक्षकों की होने वाली पदोन्नति की उदयपुर मंडल की जारी सूची में खामियों को सुधारने की मांग की। सभाध्यक्ष माली ने बताया कि उदयपुर मंडल ने जारी सूची में शिक्षकों की दर्ज करवाई आपत्तियों अौर परिवेदनाओं का निस्तारण किए बगैर सूची जारी कर दी। प्रारंभिक शिक्षा के जिला शिक्षाधिकारी की ओर से भिजवाए संशोधनों को अनदेखा करते हुए पात्रता सूची जारी कर डीपीसी कर मंडल ने पदोन्नति की तैयारी शुरू कर दी है। माली ने कहा कि जारी सूची में जूनियर को पहले पदोन्नति दी जा रही है, जबकि सीनियर का नाम बाद में आ रहा है। 2012 का परिणाम तीन बार रिवाइज हुआ हैं। वरिष्ठता प्रथम रिजल्ट से ही संधारित की गई है। इसमें भी मंडल के सभी जिलों में एकरूपता नहीं रखी गई है। ऐसी कई विसंगतियों से भरी इन सूचियों से की जा रही पदोन्नतियां गलत हैं। सूचियों को संशोधित किए बिना पदोन्नति दी जाने पर शिक्षक संघ ने आंदोलन की चेतावनी दी है।