- Hindi News
- National
- नाथद्वारा में जल मित्रों ने शुरू की बरसों से उपेक्षित पड़े जलस्रोतों की सफाई, पहले दिन दो बावड़ियों को निखारा
नाथद्वारा में जल मित्रों ने शुरू की बरसों से उपेक्षित पड़े जलस्रोतों की सफाई, पहले दिन दो बावड़ियों को निखारा
नाथद्वारा। शहर में बावड़ियों की सफाई करते जल मित्र। जल मित्र शहर की तीन सौ से ज्यादा बावड़ियों की सफाई करेंगे।
भास्कर न्यूज| नाथद्वारा
दैनिक भास्कर के जल संरक्षण अभियान के तहत जल मित्रों ने बुधवार को जलाशयों की सफाई का कार्य शुरू किया। गोशाला रोड स्थित जनाना झरना बावड़ी और बगीची वाली बावड़ी की सफाई की। नगर पालिका के सहयोग से हल्लाबोल टीम, जय हिंद ग्रुप के सदस्य, जल मित्रों, अधिकारी, कर्मचारी सहित शहरवासियों ने श्रमदान किया। जल स्रोतों की सफाई के लिए सभी बुधवार सुबह 7 बजे गोविंद चाैक पर एकत्रित हुए। जहां से सभी ने झरना बावड़ी पहुंचकर श्रम दान किया। झरना बावड़ी में जल कुंभी, कांई, प्लास्टिक और कांच की बोतलें, घरों से निकलने वाला कचरा, पूजन सामग्रियां के अत्यधिक मात्रा में होने से सफाई करने में रुकावट हुई। हल्लाबोल की टीम व शहरवासियों, जनप्रतनिधियों, अधिकारियों और हिंद ग्रुप के सदस्यों ने बगीची वाली बावड़ी पर श्रमदान किया। ग्रुप के संस्थापक ऋषभ गुर्जर के नेतृत्व में सदस्यों ने सफाई शुरू की। करीब 2 घंटे तक ग्रुप के सदस्यों ने बास के छबड़ों से कांजी सहित अन्य गंदगी को साफ किया। बावड़ियों की साफ सफाई होते देख शहरवासियों ने इसे दैनिक भास्कर की अनूठी पहल बताया। शहरवासियों ने कहा कि अगर जल संरक्षण अभियान के तहत शहर के कुएं, बावड़ियों की सफाई कर संरक्षण किया जाता हैं, तो शहर को कभी भी पानी की किल्लत का सामना नहीं करना पड़ेगा। झरना बावड़ी पर काफी मशक्कत के बाद सुबह 10 बजे तक जल कुंभी को बाहर निकाल दिया गया। लेकिन कांच की बोतलें होने से आयुक्त लजपाल सिंह के निर्देशों पर पानी खाली करने के लिए मोटर मंगवाई गई। मोटर से बावड़ी को खाली करने की कार्रवाई दोपहर से शुरू की गई। इस दौरान जय हिंद ग्रुप के कपिल उपाध्याय, कुणाल पालीवाल, करण पानेरी, मोनू रंगरेज, अजरूद्दीन रंगरेज, महीप शर्मा, विजय शर्मा, गोविंद गुर्जर, मधूसुदन जोशी, मयंक गुर्जर सहित ग्रुप ने श्रमदान किया। हल्ला बोल टीम के रमेश गहलोत, रोहित गहलोत, मनोज गहलोत, राहुल, सुरेश, बादल, दीपक, अभिषेक, अर्जुन, लोकेश,सन्नी, दिलीप, शिवलाल, अजय, हिम्मत आदि ने बावड़ी की सफाई की। नगराध्यक्ष प्रदीप काबरा, नपाध्यक्ष लालजी मीणा, नपा उपाध्यक्ष परेश सोनी, जेईएन सौरभ मिश्रा, स्वच्छ कमेटी के अध्यक्ष और पार्षद राजेंद्र सनाढ्य, जल मित्र रमेश मुथा, प्रमोद गुर्जर, राखी पालीवाल, तन्मय पालीवाल, कालूलाल बलाई, कमल चारण, मयंक गुर्जर, युवराज बारहठ, सत्यनारायण गुर्जर, हरी गुर्जर, भुवनेश कोठारी आदि ने सहयोग किया।