पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • चंदन के बंगले में विराजे श्रीनाथजी, नवनीत प्रियाजी को धराया कली का शृंगार

चंदन के बंगले में विराजे श्रीनाथजी, नवनीत प्रियाजी को धराया कली का शृंगार

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नाथद्वारा | अधिक ज्येष्ठ शुक्लपक्ष रविवार को प्रधान पीठ श्रीनाथजी प्रभु की हवेली, द्बितीय पीठ श्रीविठ्ठलनाथजी और श्रीनवनीत प्रियाजी में राजभोग और भोग आरती झांकी में विशेष मनोरथ हुए।

मुखिया बावा ने शृंगार की झांकी में श्रीनाथजी प्रभु के श्रीचरणों में मोती के तोड़ा धराए। श्रीअंग पर फिरोजा परधनी अंगीकार कराई। श्रीमस्तक पर चुन का पगा, शरबती मोरशिखा और शीशफूल सुशोभित किया। श्रीकर्ण में कर्णफूल धराए गए। प्रभु को श्रीअंग पर मोती के आभरण धराए। कली के शृंगार की पिछवाई धराई गई। राजभोग की झांकी में श्रीनाथजी प्रभु को चंदन के बंगले में विराजित किया। मुखिया बावा ने श्रीनाथजी प्रभु को शृंगार धरा आरती उतारी। राजभोग झांकी के बाद हवेली परिसर में लगे खस के परदों पर सेवा वालों ने शीतल जल का छिड़काव किया। श्रीनवनीत प्रियाजी को शृंगार की झांकी में मुखिया बावा ने श्रीअंग पर फिरोजा परधनी अंगीकार कराई। श्रीमस्तक पर ग्वाल पगा, मोरशिखा और शीशफूल सुशोभित किया। ग्वाल झांकी में श्रीनवनीत प्रियाजी को चंदन पत्ती के पलने में विराजित किया। राजभोग झांकी में लालन प्रभु को चंदन की लकड़ी के बंगले में विराजित किया। मुखिया बावा ने आरती उतार राग भोग सेवा के लाड़ लड़ाए। शाम को भोग आरती झांकी में श्रीनवनीत प्रियाजी को कली का शृंगार किया। द्वितीय गृह निधि युगल स्वरूप प्रभु श्रीविठ्ठलनाथजी को श्रीअंग पर गुलाबी पटका अंगीकृत करवाया। श्रीमस्तक पर गोल चंद्रिका तथा स्वर्णाभूषण मोती के धराए। राजभोग की झांकी में श्रीविठ्ठलनाथजी को र| चौक में खसखाना के बंगले में और शाम को भोग आरती झांकी में साज के हिंडोरा में विराजित किया। ।

आज माखन चोरी का होगा मनोरथ : धर्मनगरी श्रीनाथद्वारा में पुरुषोत्तम मास के शुक्ल पक्ष की सप्तमी सोमवार को प्रधानपीठ श्रीनाथजी मंदिर और द्वितीय पीठ विट्ठलनाथजी मंदिर और श्रीनवनीत प्रियाजी के अनूठे मनोरथ हुए। मंदिर से जारी सूचीनुसार श्रीनाथजी मंदिर में राजभोग की झांकी में माखन चोरी का मनोरथ होगा और भोग आरती झांकी में बालस्वरूपों को फूल के हिंडोलना में बिराजित किया जाएगा। द्वितीय पीठ विट्ठलनाथजी को राजभोग की झांकी में चांदनी घटा में कांच का पलना और आरती झांकी में चंदन की हटड़ी में विराजित किया जाएगा। श्रीनवनीत प्रियाजी में राजभोग की झांकी में फूल की मंडली और शाम को आरती झांकी में चीर हरण का मनोरथ होगा।

नाथद्वारा . द्वारिकाधीश मंदिर।

राजसमंद के द्वारिकाधीश मंदिर में भी हुए मनोरथ, ठाकुरजी को विशेष शृंगार अंगीकार करवाया

ग्वाल में चीरहरण, शयन में जलविहार में विराजे ठाकुरजी

राजसमंद | पुष्टि संप्रदाय की तृतीय पीठ प्रभु श्रीद्वारकाधीश मंदिर में अधिकमास के मनोरथ में रविवार को ठाकुरजी को ग्वाल में चीरहरण के मनोरथ में विराजित किया। इससे पहले शृंगार में तृतीय पीठाधीश्वर गोस्वामी ब्रजेशकुमार महाराज ने प्रभु के श्री मस्तक पे बादली छज्जेदार पाग, इस पर रेशमी चंद्रिका बादली बड़ो पिछोड़ा मोती के आभरण और फोंदा धराए। इसके बाद ग्वाल के दर्शनों में प्रभु को चीरहरण के मनोरथ में विराजित किया। सखिया सजाई गई और सजावट की। जहां गोस्वामी ब्रजेशकुमार महाराज, वागीश कुमार, सिद्धांत बावा ने प्रभु को अपनी-अपनी सेवाएं दी। वहीं शयन के दर्शनों में प्रभुश्री को जलविहार के मनोरथ में संगमरमर के सिंहासन पर विराजित किया।

आज बंगला और कमल तलाई का मनोरथ : द्वारिकाधीश मंदिर में सोमवार को श्रीप्रभु को राजभोग के बंगले में विराजित किया जाएगा। शाम को भोग आरती में श्रीप्रभु को कमल तलाई के मनोरथ में विराजित किया जाएगा। रामेश्वर महादेव को सोमवार पर गिरी कंदरा और गंगा अवतरण झांकी का मनोरथ धराया जाएगा।

नाथद्वारा . श्रीनाथजी प्रभु के मनोरथ के दर्शन को उमड़े श्रद्धालु।

खबरें और भी हैं...