गांवों को खुले में शौच से मुक्त कराने के लिए विकासखंड नौगांव में स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। बीते 7 मई से लगातार ब्लाॅक के गांवों में माॅर्निंग फॉलोअप के साथ ही स्वच्छता रैलियां निकाली जा रही हैं और ग्रामीणों को शौचालय बनवाने एवं उसका उपयोग करने के लिए नाच, गाना, जनचौपाल व समझाइश आदि तरीके अपना कर प्रेरित किया जा रहा है।
बीएसी. अनुपम त्रिपाठी ने बताया कि विकासखंड में 7 मई से लगातार स्वच्छता अभियान की गतिविधियां चलाई जा रही हैं। जनपद पंचायत नौगांव के सीईओ डाॅ. हरीश केशरवानी व बीआरसीसी. अनूप खरे के नेतृत्व में अन्य कर्मचारी प्रतिदिन सुबह 5 बजे गांवों में पहुंचकर माॅर्निंग फॉलोअप के तहत खुले में शौच जाने वालों को इसके दुष्परिणाम बताकर शौचालय निर्माण कराने और शौचालय का उपयोग करने की समझाइश देते हैं। इसके बाद गांवों में रैली आदि अन्य गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छता का माहौल बनाया जा रहा है। अभी तक ग्राम सुनाटी, करारागंज, चुरवारी, अलीपुरा, चंद्रपुरा, नैगुवां, दौरिया, मऊसहानियां, माधौपुर, मानपुरा, कुर्राहा, ऊजरा आदि में माॅर्निंग व इवनिंग फाॅलोअप किया जा चुका है।
गुरूवार को ग्राम पंचायत गर्रौली में सीईओ डाॅ. केशरवानी, बीईओ बीजी अहिरवार, बीआरसीसी अनूप खरे, ग्राम पंचायत की सरपंच स्नेह कुमारी, स्वच्छता एंबेस्डर सनी सिंह , पूनम वर्मा, सीबी. त्रिपाठी, फरहद खान, अमर सिंह राय, ममता राय, विक्रम सिंह राय, प्रमोद सौनकिया, अनंतसिंह चौहान आदि ने सुबह 5 बजे माॅर्निंग फॉलोअप करने के बाद 6 बजे से गांव में रैली निकाली। जिसमें स्कूल के शिक्षक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, पीसीओ, सचिव व बड़ी संख्या में विद्यार्थी शामिल हुए। जो हाथों में तख्तियां लेकर स्वच्छता का संदेश दे रहे थे। रैली में नाच गाने की विशेष व्यवस्था की गई थी जिससे ग्रामीणों को आकर्षित किया जा सके।
नौगांव। गांवों को खुले में शौच से मुक्त कराने के लिए स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। स्कूली विद्यार्थियों ने निकाली रेली।
ओडीएफ होने तक
जारी रहेगा अभियान
सीईओ डाॅ. हरीश केशरवानी ने बताया कि जनपद के ग्रामों में जनपद शिक्षा केंद्र के अमले का विशेष सहयोग लेकर स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान जनपद को ओडीएफ. घोषित होने तक जारी रहेगा। 30 सितंबर तक जनपद की ग्राम पंचायतों में 7500 शौचालयों के निर्माण का लक्ष्य है। जो हर हाल में हासिल किया जाएगा। इस समय ग्राम पंचायतों के रोजगार सहायकों की हड़ताल चल रही है लिहाजा जनपद शिक्षा केंद्र के अमले का सहयोग लिया जा रहा है। बीआरसीसी अनूप खरे ने बताया कि इस अभियान में वह व उनका पूरा अमला पूरा सहयोग कर रहा है। बीते दिनों उन्होंने ब्लॉक के सभी समूहों के अध्यक्ष, सचिव व 652 रसोइयों की बैठक लेकर उन्हें स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और स्वयं शौचालयों का उपयोग करने के निर्देश दिए है।