अिभयान... भाजपा की किसान सम्मान यात्रा का सहानियां से हुआ शुभारंभ
अिभयान... भाजपा की किसान सम्मान यात्रा का सहानियां से हुआ शुभारंभ
मऊसहानियां|भाजपा की किसान सम्मान यात्रा का ग्राम पंचायत सहानियां से शुभारंभ हुआ। शाम को यह यात्रा पुतरया पहुंच कर विश्राम करेगी। विधायक मानवेंद्र सिंह भंवरराजा ने किसान सम्मान यात्रा के शुभारंभ अवसर पर शामिल होकर किसानों की समस्याएं सुनी और उनका निराकरण किया। किसान सम्मान यात्रा वरट, सडेरी पहुंची, जहां किसानों का सम्मान किया गया। नयागांव में विधायक ने सरपंच एवं ग्रामीणों की मांग पर सामुदायिक भवन की स्वीकृति दी। उन्होंने गांव में हल्का पटवारी की पदस्थापना करने का भरोसा दिलाया। यहां पटवारी के न होने पर जल्द तैनाती का आश्वासन दिया। शाम को यात्रा दोरिया ग्राम पंचायत पहुंची। क्षेत्रीय सांसद केंद्रीय मंत्री डॉक्टर वीरेंद्र कुमार ने केंद्र एवं राज्य के द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी एवं उनका लाभ लेने की अपील की। क्षेत्रीय विधायक सिंह ने किसानों की सरकार के द्वारा हर संभव मदद का आश्वासन दिया एवं सरकार ने जो जन कल्याणकारी योजना चलाई उनकी जानकारी दी। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष भाजपा पुष्पेंद्र प्रताप सिंह, किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह , जय राम चतुर्वेदी, हरिश्चंद्र हरशू महाराज, विनोद टिकरिया, धीरेंद्र नायक, यात्रा प्रभारी सुरेंद्र चौरसिया पप्पू, महेश तिवारी, ग्रामीण अध्यक्ष रूपकिशोर , नौगांव शहर अध्यक्ष रवि रिछारिया, मानवेंद्र सिंह मोनू, धीरेंद्र शिवहरे, गज्जू महाराज, महिला मोर्चा की अंजना राजपूत ममता अहिरवार सहित भाजपा के अनेक कार्यकर्ता शामिल हुए। इस यात्रा का कल 15 अप्रेल को नौगांव टाउन हॉल में विधिवत समापन होगा।
आग्रह... द्रोणगिरि ट्रस्ट ने आचार्यश्री को किया आमंत्रित
बकस्वाहा|जैन समाज के राष्ट्रीय संत विद्यासागर महाराज के चरणों में श्री दिगंबर जैन सिद्धक्षेत्र द्रोणगिरि की ट्रस्ट व प्रबंध समिति ने श्रीफल भेंट कर उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया। सोमवार को सिंग्रामपुर दमोह में ससंघ मौजूद आचार्यश्री को समिति अध्यक्ष कपूरचंद्र घुवारा पूर्व विधायक तथा मंत्री भागचंद्र पीली दुकान ने श्रीफल भेंट कर द्रोणगिरि पधारने और ग्रीष्मकालीन वाचना का आग्रह किया। आचार्यश्री ने मुस्कराते हुए दोनों हाथों से आशीर्वाद दिया। द्रोणगिरि समिति के अध्यक्ष अाैर मंत्री के साथ ही, कोषाध्यक्ष , उपाध्यक्ष, संरक्षक सहित अनेक पदाधिकारी, सदस्य तथा क्षेत्रीय समाज जन मौजूद रहे। आचार्यश्री के आशीर्वाद से उत्साहित समिति ने क्षेत्र में सभी सुविधा उपलब्ध कराने के लिए तैयारी प्रारंभ कर दी है।
जांच... साईं मंदिर परिसर में आयोजित नेत्र शिविर में 210 रोगियों का हुआ परीक्षण
महाराजपुर|महाराजपुर तहसील के गढ़ीमलहरा नगर में स्थित साईं मंदिर में शनिवार को नि:शुल्क नेत्र शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के संयोजक एडवोकेट धीरेंद्र नायक ने बताया श्री सदगुरू नेत्र चिकित्सालय चित्रकूट से आए डॉ. नीरज द्विवेदी, डॉ. रजनीकांत,डॉ. आशीष गुप्ता, सहायक रामसेवक तिवारी, जयप्रकाश मिश्रा ने नेत्र रोगियों का चैकअप किया, उन्हें आवश्यक परामर्श दिया।
शिविर में 210 नेत्र रोगियों का परीक्षण किया गया। इसमें 56 लोगों को चश्मा प्रदान किए, 34 लोगों को आई ड्राप और 20 लोगों को लेंस वितरण किए गए। इनमें 8 नेत्र रोगियों में मोतियाबिंद के लक्षण पाए जाने पर उन्हें ऑपरेशन के लिए चिन्हित किया गया और एंबुलेंस से चित्रकूट भेजा गया।
समाज... सेन महाराज की जयंती पर नशामुक्ति की दिलाई गई शपथ
नौगांव|संत शिरोमणि सेन महाराज की जयंती सेन समाज द्वारा धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर समाज में फैली सामाजिक कुरीतियां मिटाने एवं समाज को नशामुक्त करने की शपथ दिलाई गई, साथ ही समाज भवन के लिए शासन से जमीन उपलब्ध कराने सहित कई बिन्दुओं पर सहमति बनाई गई। पॉलीटेक्निक कॉलेज के पीछे स्थित एमएम हॉस्टल के श्री हनुमान जी मंदिर में सेन समाज के द्वारा कार्यक्रम आयोजित कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठ जनों ने सेन महाराज के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की । इस मौके पर सुंदरकांड एवं सहभोज का भी आयोजन किया गया। सेन समाज के अध्यक्ष दिनेश सेन ने समाज में फैली कुरीतियों को खत्म करने एवं नशामुक्त समाज करने की बात कही। साथ ही समाज के लोगों ने निर्णय लिया कि शहर में समाज भवन की स्थापना जल्द से जल्द की जाए। जिसके लिए समाज के लोगों ने शासन से जमीन आवंटित करने के लिए क्षेत्रीय विधायक मानवेंद्र सिंह से संपर्क करके जमीन आवंटित कराने के लिए दिनेश सेन को नियुक्त किया। इसके अलावा समाज के अन्य विषयों पर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम में विपिन सेन, शैलेंद्र सेन, आकाश सेन, आशीष सेन, राम सिंह सेन, राजेश, महेश , ब्रजेश सहित बड़ी संख्या में युवा सहित समाज की महिलाएं एवं युवतियां भी शामिल हुई।
समाज, धर्म, क्लब, एसोसिएशन, डॉक्टर, वकील, इंजीनियर, नर्सेज, पुलिस, शिक्षक, चैम्बर ऑफ कॉमर्स
समाज... हर्षोल्लास के साथ मनाई सेन महाराज की जयंती
बड़ामलहरा|नगर के हनुमान वाग परिसर मे सैन महाराज के मंदिर में हर्षोल्लास के साथ सेन महाराज की जयंती मनाई। सुबह से विधि विधान से पूजन अर्चन किया गया, इसके के पश्चात सेन महाराज की प्रतिमा पर तिलक व माल्यार्पण कर प्रसाद वितरण किया। इस अवसर पर निरंजन सेन ने उपस्थित सजातीय बंधुओं को संबोधित किया। सेन महाराज के जीवन वृत्त पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि सेन महाराजा ने अपने उज्ज्वल चरित्र व विनम्र स्वभाव के साथ निर्विकार तथा सकारात्मक भाव से जीवनपर्यंत समाज सेवा की। हमें उनके बताए मार्ग पर चलने की जरूरत है। कार्यक्रम मे ग्यादीन सेन, रामलाल सेन, स्वामी प्रसाद सेन, चंद्रभान सेन, हरी सेन, बलराम सेन, संजय सेन, भागीरथ सेन,अंजू सेन, संजू सेन सहित बड़ी संख्या में सेन समाज के लोग मौजूद रहे।