अधेड़ व्यक्ति ने फांसी के फंदे पर झूलकर की आत्महत्या
अधेड़ व्यक्ति ने फांसी के फंदे पर झूलकर की आत्महत्या
नौगांव | नगर के वार्ड नंबर 19 नीमन मुहल्ला निवासी एक अधेड़ व्यक्ति ने घर में फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली। घटना के समय परिजन दिल्ली में थे, मृतक दो दिन पूर्व ही दिल्ली से मजदूरी करके लौटा था। पुलिस ने शव का पीएम कराया और जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार नीमन मुहल्ला निवासी प्रमोद अहिरवार पुत्र गंगा प्रसाद अहिरवार उम्र 55 साल का शव बुधवार को घर में फांसी के फंदे पर लटकता हुआ मिला। पड़ोसियों के अनुसार मृतक का परिवार दिल्ली में रहता है , मृतक भी 2 दिन पूर्व दिल्ली से लौटा था। सोमवार की शाम तक मुहल्ले में उसे टहलते हुए देखा गया था, लेकिन मंगलवार की सुबह से वह लोगों को नहीं दिखा। बुधवार को भी जब वह घर से बाहर नहीं निकला तो मुहल्ले के लोगों ने उसका दरवाजा खोला और झांककर देखा तो प्रमोद अहिरवार फांसी के फंदे पर लटक रहा था। इसकी सूचना थाना नौगांव पुलिस को दी गई, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को फांसी से उतारा और पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मर्ग कायम कर जांच में लिया है। पुलिस ने बताया कि मृतक के परिजनों को दिल्ली सूचना भेज दी गयी है और उनके आने के बाद ही उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
राजस्व विभाग ने अवैध रेत परिवहन करते तीन ट्रकों को जब्त किया
पन्ना| अजयगढ राजस्व अमले एवं पुलिस विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए रेत का अवैध उत्खनन करते हुए 2 एलएंडटी मशीनें एवं परिवहन करते 7 ट्रकों को जब्त किया है। पन्ना कलेक्टर के निर्देशन में राजस्व विभाग ने सघन सर्चिंग करते हुए यह कार्रवाई की है। सभी वाहनों को अजयगढ़ थाना परिसर में रखवाया गया है। प्रशासन की इस कार्रवाई से रेत माफियाओं में हड़कंप मच गई है। गौरतलब है कि अजयगढ़ अनुभाग व तहसील क्षेत्र में बड़े पैमाने पर रेत का अवैध कारोबार फलफूल रहा है। रेत कारोबारी शासन को लाखों की राजस्व की क्षति पहुंचा रहे हैं। इस अवैध कारोबार पर नकेल कसने में शासन प्रशासन नाकाम साबित रहा है।
खलिहान में आग लगने से 40 बोरा गेहूं जलकर खाक
बिजावर| बिजावर थाना अंतर्गत ग्राम पतरा के कोटा हार के ऊंचाहार में स्थित एक खलियान में बुधवार दोपहर अचानक आग लग जाने से लाखों रूपए की फ़सल जलकर राख हो गई। खलिहान मालिक गिरजा प्रसाद गौतम के पास रखवाली करने वालों ने आग लगने की सूचना भूस्वामी को दी जिस पर भूस्वामी श्री गौतम तुरंत मौके पर पहुंचे। खबर लगते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे, फायर ब्रिगेड और डायल 100 को सूचना दी। फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया जा सका। खलिहान पर रखी गेहूं की फसल जलकर खाक हो गई। इस आगजनी में 40 बोरा गेहूं जल गया।