नगर में समाज सेवा का कार्य करने वाली समाज सेवी संस्था नेकी सेवालय के द्वारा विधि विधान से भगवान की पूजा अर्चना के बाद गणेश मंदिर चौराहा पर नेकी रसोई नाम से भोजन वितरण कार्य शुरू करा दिया। इससे पहले दोपहर 1 बजे माता पिता और मां अन्नपूर्णा की पूजा अर्चना के बाद से नेकी की रसोई में भोजन बनाने का कार्य शुरू कराया गया।
नेकी की रसोई में अब रोजाना पांच रूपए की सहयोग राशि में नगरवासियों को भरपेट भोजन मिलेगा। नेकी की रसोई शुरू होने से निर्धन, गरीबों, असहायों, मजदूरों को लाभ मिलेगा, जिन्हें एक समय का भोजन भी नहीं मिलता था। गौरतलब है कि नगर में कुछ युवा ऐसे हैं, जो हमेशा किसी न किसी रूप में समाज सेवा का कार्य करते हैं| चाहे बच्चियों की पढाई के खर्च का जिम्मा हो, चाहे कपकपाती सर्दियों में नेकी की दुकान के माध्यम से वृद्धों एवं असहाय लोगों को गर्म कपड़े वितरण करना हो, चाहे जल संरक्षण के लिए नदी की पिचिंग से लेकर खुदाई तक का कार्य हो नगर के अभिषेक त्रिपाठी, राहुल रूसिया, सुशील तिवारी, सनातन रावत आदि युवा हमेशा समाज की सेवा में आगे रहते हैं। इसी समाज सेवा के क्रम को आगे बढ़ाते हुए नेकी सेवालय के इन्हीं युवाओं के हौसलों ने शनिवार से नगर में एक और नया इतिहास कायम करते हुए बिना किसी शासकीय मदद के मात्र 5 रूपए सहयोग राशि लेकर नेकी की रसोई नाम से भोजन वितरण का कार्य शुरू कराया गया है।
नौगांव। नेकी की रसोई में खाना परोसते हुए।
नेकी का जल नाम से भी करते रहे हैं समाजसेवा
नेकी सेवालय समाज सेवी संस्था के बैनर तले नगर में गर्मियों के मौसम में सार्वजनिक स्थलों का चयन करके प्याऊ क्षेत्रवासियों के लिए प्याऊ खोले गए थे। सबसे खास बात है कि सार्वजनिक स्थलों पर खुलने वाले प्याऊ में मटकों की जगह आरओ का फिल्टर युक्त ठंडा पानी आम लोगों को पीने लिए उपलब्ध कराया| इससे पहले सर्दियों के मौसम में पोस्ट ऑफिस चौराहा पर नेकी की दुकान का संचालन करके शहर वासियों के सहयोग से गरीबो के लिए गर्म कपडे, रजाई, कम्बल आदि का वितरण करके सहयोग किया था|
माता-पिता की पूजा के साथ
शुरू होगी नेकी की रसोई
नेकी सेवालय के अभिषेक त्रिपाठी के द्वारा शनिवार की दोपहर में माता पिता की पूजा के साथ ही नेकी की रसोई में भोजन बनाने के कार्य का शुभारंभ किया गया। रसोई के संचालक अभिषेक त्रिपाठी ने बताया कि पहले यह भोजन वितरण प्रणाली निःशुल्क होना थी, लेकिन छतरपुर में संगम सेवालय में हुए एक घटनाक्रम के बाद इसमें 5 रूपए सहयोग राशि जोड़ी गई है।
इन स्थानों पर मिलेंगे टोकन : नेकी सेवालय के द्वारा शनिवार से शुरू की गई नेकी की रसोई के भोजन वितरण के लिए नगर के टीबी अस्पताल चौराहा पर स्थित इंडियन मेडीकल स्टोर, मां शारदा प्रोपर्टीज, कोठी चौराहा के पास श्याम बाबा हार्डवेयर, पन्ना हाऊस में एंजिल पब्लिक स्कूल में 5 रूपए सहयोग राशि जमा करके टोकन प्राप्त किया जा सकता है। टोकन मिलने के बाद निश्चित स्थान गणेश मंदिर चौराहा पर रोजाना शाम के समय भोजन वितरण किया जाएगा। साथ ही आने वाले दिनों में अन्य स्थानों का चयन करके टोकन वितरण केंद्र शुरू किए जाएंगे।