कुचामन में नेत्र जांच शिविर कल चयनित मरीजों का ऑपरेशन 16 को
भास्कर संवाददाता| कुचामन सिटी
राजकीय चिकित्सालय में रविवार को निशुल्क नेत्र जांच एवं लैंस प्रत्यारोपण शिविर का आयोजन होगा। लॉयंस क्लब के तत्वावधान व दलपतसिंह रूणिजा के सौजन्य और जिला अंधता निवारण समिति नागौर व एमआरएस के सहयोग से आयोजित इस निशुल्क नेत्र जांच एवं लैंस प्रत्यारोपण शिविर में अधिक से अधिक मरीजों को लाभ मिल सके, इसके लिए क्लब के पदाधिकारी गांव-गांव जाकर प्रचार प्रसार कर रहे है। शिविर संयोजक राम काबरा ने बताया कि शुक्रवार को परबतसर तहसील के हनुमानपुरा, त्रिसिंगिया, पलाड़ा, सिड़ीयास, नारायणपुरा, मंगलाना, दिलढाणी, गांगवा, खोखर, अडानी, चारणवास, धोकलिया, रूणिजा, श्यामपुरा, परबतसर, पिपलाद, जंजीला, बडू, हरनावा, भकरी आदि गांवों का दौरा कर वहां के लोगों को शिविर के बारे में जानकारी दी। काबरा ने बताया कि ऑपरेशन के लिए चयनित रोगियों का 16 अप्रैल को नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. लुकमान खान एवं डॉ. प्रदीप गुप्ता की टीम द्वारा ऑपरेशन किया जाएगा। ऑपरेशन होने वाले मरीजों को दवाएं, चश्मे, आवास एवं भोजन की व्यवस्था निशुल्क रहेगी।