पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • मंत्री से बोले लोग बिजली और पानी तो दे सरकार

मंत्री से बोले लोग-बिजली और पानी तो दे सरकार

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पंचायतीराज राज्यमंत्री धनसिंह रावत शुक्रवार को चार पंचायतों में जनसुनवाई करने पहुंचे तो लोगों ने कहा कि पहले बिजली पानी तो सरकार दे। लोगों ने बिजली, पानी, चिकित्सा और पेंशन से जुड़ी समस्याएं बताई, इस पर मंत्री ने सभी समस्याओं का समाधान करने का भराेसा दिया। रावत ने महेशपुरा, नलदा, वीरपुर और बोरिया ग्राम पंचायतों में गौरव पथ, खाद बीज भवन, बारादरी भवन, लैम्पस भवन का लोकार्पण व शिलान्यास किया।

नलदा ग्राम पंचायत में लोगों ने पानी की कमी और राशन डीलर द्वारा गेहूं नहीं देने की शिकायत की। साथ ही नलदा तालाब में पानी निकासी वाले टूटे भाग को दुरुस्त करने की मांग की। नलदा निवासी मांगू व बहादुर के 6 माह पहले घर में आग लगने के बाद आज तक सरकारी सहायता नहीं मिलने की शिकायत की गई। इस पर तहसीलदार कटारा को जांच कर तुरंत कार्रवाई कर लाभ दिलाने के निर्देश दिए। नलदा स्कूल के लिए 40 लाख रुपए की स्वीकृति मिली हुई है, लेकिन जमीन नहीं मिलने से कमरे नहीं बनने की बात शिक्षा विभाग के अधिकारी ने कही। युवती कुरी ने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया शाखा खेड़ावडली पाड़ा के बैंककर्मियों व दलाल पर लोन के नाम से राशि हड़पने की शिकायत की। वीरपुर में स्कूल व एक दूसरी जगह पानी की लाइन नहीं डालने की ग्रामीणों ने शिकायत की।

वीरपुर में पशु चिकित्सक लगाने की मांग की गई। बोरिया में पटवारी व गिरदावर कर मोटेशन नहीं खोलने की ग्रामीण महिलाओं ने शिकायत की। बोरिया में 3 कक्षाकक्ष की मांग की गई। बोरिया पालाशवाणी में उपस्वास्थ्य केंद्र खोलने, सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए चारदीवारी की मांग की गई। महेशपुरा में स्कूल के सामने नदी की रिंगवाल बनाने की मांग की गई।

महेशपुरा में भवन के शिलान्यास समारोह में मौजूद राज्यमंत्री धनसिंह रावत।

भोपों व नीम-हकीमों से इलाज न कराने की दी नसीहत
मवेशी की मौत पर वीरपुर में 50 हजार, नलदा में 27 हजार का चेक मंत्री रावत ने लाभार्थियों को दिया। वीरपुर में लेम्पस भवन के शिलान्यास करते हुए सड़क से नजदीक भवन होने से दुर्घटना होने की संभावना पर टेकरी को पीछे से काटकर भवन पीछे से बनाने के निर्देश दिए। भोपों व नीम हकीमों पर विश्वास न कर पहले अस्पताल में इलाज करवाने की मंत्री रावत ने नसीहत दी। किसानों को कटहल, मशरूम, किनोवा की खेती कर आर्थिक रूप से सुदृढ़ बनने की नसीहत दी। जनसुनवाई में एसडीएम डॉ. भंवरलाल, तहसीलदार खातुराम कटारा, बीडीओ दिलीपसिंह, प्रधान दुधालाल मईड़ा, आंबापुरा मंडल अध्यक्ष कालूराम मईड़ा, सरपंच रेखा मईड़ा वीरपुर, लेम्पस सुपरवाइजर प्रकाश चरपोटा, शिक्षा विभाग, पीडब्ल्यूडी, चिकित्सा विभाग, दीनदयाल उपाध्याय विद्युतीकरण, पीएचडी, माही विभाग, खाद्य व सुरक्षा विभाग, पशुपालन विभाग, राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं...