नवागांव| कहीं हजारों लीटर पानी व्यर्थ बह रहा है तो ग्रामीण इलाकों के लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं। ऐसा ही देखने को मिला ग्राम पंचायत गणाऊ झूपेल रोड के पास करीब 30 से अधिक घरों की आबादी में। यहां पानी के लिए अलग-अलग जगहों पर 4 हैंडपंप ग्राम पंचायत द्वारा खोदे गए, लेकिन अब यह चारों ही बंद पड़े हुए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि हैंडपंप मिस्त्री से हैंडपंप ठीक करने को कहा तो उसने जवाब दिया कि जमीन में पानी ही नहीं है तो इन्हें ठीक करके क्या करे। पानी नहीं होने के कारण लोगों को दूरदराज तक अपने पीने व घर में पालतू मवेशियों के पानी की भी किल्लत बनी हुई है। यहां के आसपास के लोगों ने बताया कि खेती के लिए थ्री फेस लाइट कनेक्शन दिया गया है तो जब लाइट आती है तो हम लोग आसपास के बोरिंग में पानी लाकर अपना गुजारा कर रहे हैं। अभी 2 दिन पहले ठीक इस आबादी के पास में जंगल में भी आग लग थी। कहीं पानी नहीं होने के कारण आग पर भी काबू नहीं पा सके। ग्राम पंचायत के आस पास के भोजियकला, निचलीनाल, कासलीखोरा, झूपेल के खोरापाड़ा, बोरकियापाड़ा, भमरियापाड़ा, छापरापाड़ा के इलाकों में भी है। जंगल का भाग होने से गर्मी के दिनों में पीने के पानी की ज्यादा किल्लत बनी रहती है। ग्रामीणों ने विभाग से खराब पड़े हैंडपंप को जल्द ठीक करवाने की मांग की है।