नगर कौंसिल ने शहर में नई वेंडिंग पॉलिसी तैयार कर ली है। इस पॉलिसी के तहत शहर के चंडीगढ़ रोड, राहों रोड, गढ़शंकर रोड, गीता भवन रोड और कोठी रोड को नो वेंडिंग जोन घोषित किया जाएगा। यानि इन सड़कों पर रेहड़ियां नहीं लगाई जा सकेंगी। नगर कौंसिल के पास रजिस्टर्ड हर वेंडर को गुज्जरपुर रोड पर आठ गुणा आठ यानि 64 वर्ग फुट जगह रेहड़ी लगाने को देने की योजना है। जहां रेहड़ी मार्केट बनाई जाएगी। स्ट्रीट वेंडर (रेहड़ी वाले) दाना मंडी के आसपास, गुज्जरपुर रोड, बंगा रोड, करियाम रोड व महालों रोड पर भी रेहड़ी लगा सकेंगे। इन जगहों पर पानी व एक किलोमीटर के अंदर-अंदर बाथरूम भी बनना होगा। इन रेहड़ी वालों को भी रजिस्टर्ड होना होगा। कौंसिल इन वेंडरों को फोटो आई कार्ड देगी।
नगर कौंसिल के प्रधान ललित मोहन पाठक और ईओ अमरीक सिंह ने बताया कि वेंडिंग पाॅलिसी के मुताबिक कौंसिल की ओर से स्ट्रीट वेंडिंग का प्लान बनाकर निकाह विभाग को भेजा जाएगा, जिसे पारित होने के बाद जल्द ही शहर में लागू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि उसके बाद नाॅन वेंडिंग जोन चंडीगढ़ रोड, राहों रोड, गढ़शंकर रोड, गीता भवन रोड व कोठी रोड पर कोई भी रेहड़ी नहीं लग पाएगी।
दानामंडी, गुज्जरपुर, बंगा, करियाम और महालों रोड पर लगाई जाएगी रेहड़ियां
सब्जी मंडी शिफ्ट हुई तो कामयाब होगी पॉलिसी
कौंसिल के नक्शा में वेंडिंग जोन को हरे व नॉन वेंडिंग जोन को लाल रंग से दर्शाया गया है।
नगर कौंसिल ने नई वेंडिंग पाॅलिसी के तहत हर रजिस्टर्ड वेंडर को 64 वर्ग फुट जगह देने की योजना बनाई है। कौंसिल ने गुज्जरपुर रोड पर करीब 150 वेंडरों के लिए जगह तय की है। इसके बाद कौंसिल की योजना सब्जी मंडी को शिफ्ट करने की भी है। अगर सब्जी मंडी शिफ्ट हुई तो कौंसिल की यह योजना कामयाब हो सकती है।