भाजपा के आजीवन सहयोग निधि सदस्यता अभियान के लिए जिले में 5 सदस्यों की टीम गठित की गई। जिला प्रधान संजीव भारद्वाज ने बताया कि अभियान के लिए हाईकमान ने उनके अलावा सीनियर नेता शाम सुंदर जाडला, डा. अश्वनी धीर, वरिंदर सैनी और संजीव जैन को टीम का मेंबर चुना है। शाम सुंदर जाडला को इस सदस्यता अभियान के लिए कन्वीनर नियुक्त किया गया है और उनकी अगुवाई में आगामी दिनों में विधानसभा हल्का स्तर व मंडल स्तर पर कैंप लगाए जाएंगे। यह अभियान 30 मई तक चलाया जाएगा।
जिला प्रधान संजीव भारद्वाज कहा कि लोगों में भाजपा के प्रति रुझान देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा चार साल में जो काम किए हैं, वह आज तक किसी सरकार ने नहीं किए। कांग्रेस में शासन में देश को जहां भ्रष्टाचार के तौर पर पहचाना जाने लगा था, अब नरेंद्र मोदी की अगुवाई में भारत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत देश के तौर पर जाना जाता है। बता दें कि पिछली बार जिले में करीब 300 सक्रिय सदस्यता थी जबकि पार्टी सूत्रों के अनुसार इस बार 500 के करीब सक्रिय सदस्यता जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
श्याम सुंदर जाडला
हर सदस्य से ली जाएगी 1200 रुपए फीस
भारतीय जनता पार्टी की ओर से पुरुष सक्रिय सदस्यों से 1200 फीस ली जाएगी, जिसमें 1 हजार रुपए मेंबरशिप फीस है, जबकि 200 रुपए कमल संदेश मैगजीन के लिए जाएंगे। इसके अलावा महिला वर्करों से 500 रुपए मेंबरशिप फीस व 200 रुपये कमल संदेश के लिए जाएंगे। जिला पदाधिकारियों और अन्य बड़े नेताओं से 5 हजार रुपए लिए जाएंगे। बता दें कि जिला भाजपा को इस बार 10 लाख से अधिक राशि इकट्ठा करने का टारगेट मिला है लेकिन पार्टी सूत्रों के अनुसार जिला टीम द्वारा जिले से करीब 6 लाख रुपए एकत्र किए जाने की संभावना है।