फुटबाल टूर्नामेंट में दोआबा स्कूल ने केसी ग्लोबल को हराया
बंगा-गढ़शंकर रोड पर स्थित केसी ग्लोबल स्कूल डघाम में प्रिंसिपल डॉ. राकेश गुप्ता की देखरेख में जारी दो दिवसीय दूसरा खुशहाल चंद मेमोरियल फुटबाल टूर्नामेंट संपन्न हो गया। दूसरे दिन दो टीमों के बीच फुटबाल मैच हुए। फाइनल मैच दोआबा पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने जीता, जबकि केसी ग्लोबल स्कूल की टीम रनरअप रही। खिलाड़ियों से मिलनी की रस्म प्रिंसीपल डा. राकेश गुप्ता, कोट के पूर्व सरपंच तीरथ सिंह, डीपीओ सुखजिंदर सिंह, सतविंदर सिंह, भूपिंदर द्वारा की गई। डीपीई हरदीप सिंह ने बताया कि दूसरे दिन सेमीफाइनल मैच दोआबा पब्लिक सीनियर सैकंडरी स्कूल गढ़शंकर व पल्लियां के सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के बीच खेला गया। मैच के हाफ टाइम से पहले दोआबा पब्लिक स्कूल की टीम ने 1 गोल किया। हॉफ टाइम के बाद पल्लियां स्कूल की टीम स्क्रैच हो गई। इस मैच में दोआबा स्कूल विजयी रहे। दोआबा स्कूल का फाइनल मैच केसी ग्लोबल स्कूल डघाम के बीच खेला गया। इस मैच में दोआबा पब्लिक सीनियर सैकंडरी स्कूल ने 5-0 से केसी ग्लोबल स्कूल डघाम को परास्त कर दिया। रेफरी की भूमिका अमृतपाल सिंह ने अदा की। विजेता खिलाड़ियों को प्रिंसीपल डा. राकेश गुप्ता व अन्य ने ट्राफी व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। प्रिंसिपल डॉ. राकेश गुप्ता ने कहा कि जीवन में खेलों का बहुत महत्व है। खेलों से हमारी सेहत पर अच्छा प्रभाव पड़ता है। खेलकूद हमें परेशानी, चिंता और तनाव से मुक्ति दिलाती है। यह हमारे शारीरिक और मानसिक दोनों तरह के विकास में सहायक है। इस मौके पर संदीप सिंह, नवीन कुमार, गुरमेल सिंह, नवप्रीत सिंह, सिमरनजीत सिंह, मंदीप कुमार व अन्य गणमान्य हाजिर रहे।