अफसरों को आदेश- फसलों की करें संभाल
जिले में गेहूं की अधिकतर फसल पककर खेतों में तैयार खड़ी है, तो कुछ फसल मंडियों में भी आनी शुरू हो गई है। और ऐसे में आगामी दिनों में 16 और 17 अप्रैल को मौसम विभाग ने बारिश और आंधी की जताई आशंका ने किसानों की परेशानी को और बढ़ा दिया है। इस बारे में डायरेक्टोरेट खेतीबाड़ी ने प्रदेश के सभी खेतीबाड़ी अफसरों को लिखित चिट्ठी लिखकर सूचित किया है कि इस प्राकृतिक समस्या से जूझने के लिए किसानों को सूचित किया जाए और उनकी फसल की संभाल के प्रबंध किए जाएं। खेतीबाड़ी अफसरों ने इस आपदा से जूझने के लिए व्हाट्सअप ग्रुप से किसानों को बताना शुरू कर दिया है। वहीं, मंडियों में खुले आसमान के नीचे पड़ी गेहूं की फसल को संभालने के लिए मंडियों के अधिकारियों ने भी पूरे प्रबंध करने की पुष्टि कर दी है।
डायरेक्टर खेतीबाड़ी और किसान भलाई विभाग ने मौसम विभाग से मिली सूचना पर प्रदेश के सभी खेतीबाड़ी अफसरों को लिखित चिट्ठी भेजकर सूचित किया है कि आगामी दो दिन 16 और 17 अप्रैल को पंजाब में बारिश और आंधी आने की संभावना है। विभाग की चिट्ठी मिलने के बाद जिले के मुख्य खेतीबाड़ी अधिकारियों ने अपने ब्लॉक स्तर पर कार्यालयों और फील्ड अधिकारियों को मौसम खराब होने की जानकारी दे दी है। जिला मंडी अफसर दविंदर सिंह कैंथ ने बताया कि यदि मौसम खराब होता है तो उसके लिए उन्होंने आढ़तियों को तिरपालें रखने के आदेश दिए हैं, जिससे बारिश के दौरान मंडियों में पड़ी गेहूं को तिरपालों से ढका जाए और फसल का कोई नुकसान न हो। मंडियों में मुकम्मल प्रबंध किए हैं।
सूचना
आज व कल बारिश की संभावना, डायरेक्टोरेट खेतीबाड़ी ने चिट्ठी लिखकर सूचित किया
फसलों को न लगाएं पानी : गुरबख्श सिंह
मुख्य खेतीबाड़ी अफसर गुरबख्श सिंह ने बताया कि किसानों को मौसम खराब होने संबंधी सूचना मौसम विभाग की ओर से सोशल मीडिया के जरिए दी जा रही है। उन्होंने भी इस आशंका के मद्देनजर किसानों को अभी फसलों को पानी न लगाने की सलाह दी है। फसलों को पानी न लगाने से बारिश होने की सूरत में बहुत कम असर होता है। क्योंकि पानी न लगाए जाने के कारण जमीन सख्त रहती है तथा थोड़ी बहुत बारिश का पानी तुरंत जज्ब हो जाता है तथा फसल गिरती नहीं।
जिले में 2.44 लाख टन में से अभी तक 2100 मीट्रिक खरीद
दविंदर सिंह कैंथ ने बताया कि जिले में कुल 29 मंडियों में खरीद होनी है। अभी तक लगभग 2100 सौ मीट्रिक टन की खरीद ही हुई है। अगर मौसम ठीक रहा, तो मंडियों में सोमवार से गेहूं आमद होगी, अन्यथा अभी आमद में तेजी के लिए दो दिन और रुकना पड़ेगा।