- Hindi News
- National
- टीचर का एटीएम हैक कर साढ़े 4 घंटे में 8 बार स्वाइप कर निकाले Rs.1.11 लाख
टीचर का एटीएम हैक कर साढ़े 4 घंटे में 8 बार स्वाइप कर निकाले Rs.1.11 लाख
भास्कर संवाददाता| नवांशहर|कटारियां
सरकारी प्राइमरी स्कूल के एक अध्यापक का एटीएम हैक कर शातिर ने एक ही रात में 8 बार कार्ड स्वाइप कर 1 लाख 11 हजार 392 रुपए की ठगी कर ली।
शातिर ने घटना को 2 अप्रैल की रात 11 बजकर 40 मिनट से लेकर 3 अप्रैल तड़के 04 बजे के बीच में अंजाम दिया। अगली सुबह उठने पर जब उक्त अध्यापक ने अपने मोबाइल पर पैसे निकलने के अगल-अलग 7-8 मैसेज देखे, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्होंने चेक किया तो पता चला कि उनके खाते से करीब साढ़े 4 घंटे में 1 लाख 11 हजार 392 रुपए किसी ने निकाल लिए गए हैं। इसके बाद वे बैंक पहुंचे और मैनेजर से मिलकर उन्हें सारी बात बताई और लिखित शिकायत दी। शिकायत आने के बाद एसएसपी ने एएसपी बंगा को मामले की जांच के आदेश दिए हैं। वहीं, बैंक ने भी अपने उच्चाधिकारियों को ठगी के बारे में सूचित कर दिया है।
गांव कंगरौड़ निवासी जीत राम ने बताया कि वे प्राइमरी स्कूल मेहलियां में बतौर हैड टीचर कार्यरत हैं। उनका स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की बंगा शाखा में खाता है। खाते में उनकी जनवरी और फरवरी महीने की सैलरी के सारे पैसे तकरीबन 1 लाख 11 हजार 900 रुपए जमा थे। उन्होंने बताया कि 2 अप्रैल की रात करीब 11 बजकर 40 मिनट पर किसी एक व्यक्ति ने उनका एटीएम हैक कर पहले 40 हजार रुपए एक अन्य अन्य बैंक खाते में ट्रांसफर किए। इसके बाद उसने 12 बजे से पहले-पहले 3 बार कार्ड से 10-10 हजार कर कुल 30 हजार रुपए निकाल लिए। इसका उन्हें रात को ही एसएमएस आता रहा, लेकिन नींद में होने की वजह से उन्होंने कोई ध्यान नहीं दिया। 12 बजे से लेकर सुबह करीब 4 बजे के बीच में शातिर ने 4 बार उनके खाते से एटीमए के जरिए 10-10 हजार कर 40 हजार रुपए की निकासी कर ली। इसके बाद उसने 1000 रुपए और निकाल लिए।
12 बजे के बाद अगला दिन शुरू होते ही 40 हजार रुपए और निकाले
एसबीआई की बंगा शाखा में है सरकारी अध्यापक का बैंक खाता
मामले की जानकारी देते हुए जीत राम।
एफआईआर की कॉपी के लिए भटकना पड़ रहा
उधर, सरकारी अध्यापक जीत राम ने बताया कि एटीएम से पैसे निकाले काफी दिन बीत चुके हैं, लेकिन उसे पुलिस से अभी तक कोई इंसाफ नहीं मिला है। उन्हाेंने बताया कि बैंक अधिकारियों ने उन्हें एफआईआर की कॉपी बैंक में जमा करवाने को कहा। इस पर वे बंगा सिटी पुलिस थाने में गए और एफआईआर की कॉपी मांगी। लेकिन, उन्हें यह कहकर भेज दिया गया कि बंगा थाना उनकी हद में नहीं आता। इसके बाद जब वे बहराम पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज करवाने के लिए गए, तो उनका भी यही कहना था कि यह क्षेत्र उनके अधीन नहीं है। उधर, इस संबंध में एएसपी सरताज सिंह से बात करनी चाही तो उन्होंने हमारा फोन नहीं रिसीव नहीं किया।
उच्चाधिकारियों को सौंप दी है रिपोर्ट : मैनेजर
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की बंगा शाखा के चीफ मैंनेजर एसके शर्मा से जब इस सारे मामले को लेकर पूछ गया तो उन्होंने कहा कि इस संबंध में बैंक उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट दे दी गई है। जांच चल रही है। सीसीटीवी फुटेज के बारे में पूछने पर उन्होंने बताया कि हर एंगल से जांच की जा रही है।