जिले में रविवार का दिन सबसे ज्यादा तपा। पारा 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक था। यह सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। तपिश से लोग परेशान दिखे। मौसम विज्ञानियों ने अगले दो दिन दिनों में तापमान 43 डिग्री तक पहुंचने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार आने वाला पूरा सप्ताह तपिश और गर्म हवाओं वाला रहेगा।
हालांकि, इस दौरान बीच-बीच में आसमान में हलके बादल छाए रहेंगे, लेकिन धूल भरी आंधी से तपिश बढ़ेगी। उधर, रविवार को ही गर्मी ने आने वाले दिनों का एहसास करवा दिया। रविवार सुबह 11 बजे ही तापमान 36 डिग्री और दोपहर 3 बजे तक 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। इस बीच हल्की आंधी भी चली, लेकिन तपिश पर इसका असर बिल्कुल नहीं पड़ा। शाम होते-होते अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका था। रविवार को न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक पिछले सालों का मई में एवरेज दिन का पारा 40.2 और रात का पारा 23.9 डिग्री रहता है।
लेकिन इस बार अभी तक एवरेज 37-38 डिग्री ही पारा रिकॉर्ड हुआ है। लगातार वेस्टर्न डिस्टरबेंस बन रहा है, जिससे बादल छाने, हवाएं चलने और बारिश से तापमान बढ़ नहीं पाया। लेकिन अब एकदम से गर्मी बढ़ेगी तथा मई के अंतिम दिनों में तापमान 43 डिग्री के आसपास रहेगा।
हल्की आंधी का भी तपिश पर नहीं पड़ा कोई असर
दोपहर तीन बजे शहरे के सबसे भीड़भाड़ वाला नेहरू गेट। -भास्कर
30 जून से 5 जुलाई तक पंजाब में पहुंचेगा मॉनसून
मौसम विभाग के अनुसार पंजाब में मॉनसून 30 जून से 5 जुलाई तक एंटर करेगा। पिछले साल पूरा जून बारिश में बीता, मौसम विभाग के डायरेक्टर सुरिन्द्र पाल का कहना है कि अच्छे मॉनसून के लिए कम दबाव और ज्यादा तापमान जरूरी है। इस बार अच्छी बारिश की उम्मीद है, उससे पहले पंजाब में प्री-मॉनसून की फुहारों से भी मौसम बीच-बीच में ठंडा रहेगा।
धूल भरी आंधी व तपिश दोनों बने रहेंगे
मौसम विभाग के अनुसार इस सप्ताह के दौरान जहां धूल भरी आंधियां चलेंगी, लेकिन पूरा सप्ताह तपिश लोगों को गर्मी का एहसास कराती रहेगी। मौसम विभाग द्वारा जारी फॉर कास्टिंग के अनुसार सोमवार को पारा 41 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री बना रहेगा। मंगलवार और बुधवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री तक पहुंचेगा।