डिप्टी कमिश्नर अमित कुमार ने सुविधा मीटिंग हाल में जिले के सभी मतदाता व सहायक मतदाता रजिस्ट्रेशन अफसरों के साथ मीटिंग की। उन्होंने कहा कि भारत चुनाव कमीशन की हिदायत अनुसार बीएलओज 20 जून तक घर-घर जाकर सर्वे पूरा करे और 21 जून से होने वाली पोलिंग स्टेशनों की रेशनेलाइजेशन संबंधी काम को समय पर पूरा जाए। इसके अलावा योग्यता तिथि 1 जनवरी 2019 के आधार पर 01 सितंबर 2018 से 30 अक्टूबर 2018 तक की जाने वाली वोटर सूचियों के संशोधन संबंधी जरूरी प्रबंध पूरे करने को भी अधिकारियों को कहा गया। मीटिंग में एडीसी रणजीत कौर, एसडीएम आदित्य उप्पल, सहायक कमिश्नर (जनरल) सर्बजीत कौर, बलाचौर के तहसीलदार चेतन बंगड़, चुनाव तहसीलदार हरीश कुमार और चुनाव कानूनगो विवेक मौला थे।
इसी बीच डिप्टी कमिश्नर ने सेहत विभाग के अधिकारियों के साथ मासिक मीटिंग की। डीसी ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा गरीब लोगों को 50 हजार रुपए तक का मुफ्त इलाज देने के लिए चलाई भक्त पूरन सिंह सेहत बीमा योजना जरूरतमंद लोगों के लिए लाभदायक साबित हो रही है। उन्होंने बताया कि भगत पूरन सिंह सेहत बीमा योजना के तहत रजिस्टर परिवार, पांच सदस्यों तक सरकारी अस्पतालों और सूचीबद्ध किए प्राइवेट अस्पतालों से 50 हजार रुपए तक का सालाना केशलैस इलाज करवा सकता है। इसके लिए अस्पताल में जाकर कार्ड दिखाना होगा। इस योजना के नोडल अफसर और डिप्टी मेडिकल कमिश्नर डा. दयाल स्वरूप ने बताया कि पिछले तीन साल में 2733 मरीज 161.41 लाख रुपए का केशलैस इलाज अस्पतालों में करवा चुके हैं। डीसी ने बीमा योजना के कार्ड धारकों से अपील की कि वे सरकार द्वारा अक्टूबर 2018 तक बढ़ाई इस योजना का ज्यादा से ज्यादा लाभ लें। उन्होंने कहा कि वह इलाज के लिए अपने पास के सरकारी सेहत केंद्रों में भी संपर्क कर सकते हैं।
बैठक को संबोधित करते हुए डीसी अमित कुमार।
छात्राअों को तंबाकू से दूर रहने का किया आह्वान
नवांशहर | डीसी अमित कुमार ने कोटपा एक्ट अधीन जिला टास्क फोर्स के साथ मीटिंग की। जिले में तंबाकू के खात्मे के लिए चलाई विशेष मुहिम यूथ अगेंस्ट तंबाकू के अंतर्गत अब तक जिले के 122 स्कूलों के विद्यार्थियों को तंबाकू के बुरे प्रभावों से अवगत किया गया। मुहिम के तहत सभी शैक्षणिक संस्थाओं में जागरूकता फैलाने का लक्ष्य रखा गया है। नौजवानों को तंबाकू, सिगरेट व हुक्का बार से दूर रहने की अपील करते डीसी ने कहा कि सरकार ने निकोटीन युक्त व नारकोटिक युक्त तंबाकू पदार्थों और ई-सिगरेट पर मुकम्मल पाबंदी लगाई है। राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण प्रोग्राम के तहत कोटपा एक्ट को जिले में मुकम्मल रूप में लागू करने में सभी विभागों का अहम रोल है, जिसके लिए सेहत विभाग के साथ सहयोग करके चलने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि हर शिक्षा संस्था का प्रमुख अपनी संस्था की बाहर की दीवार से 100 गज के घेरे अंदर तंबाकू पदार्थों के सेवन और बिक्री पर पाबंदी को यकीनी बनाए। नगर कौंसिलों और अन्य अधिकारी हर तंबाकू विक्रेता की दुकान पर 18 साल से कम उम्र के बच्चों को तंबाकू उत्पादों की बिक्री कानूनी अपराध है, के बोर्ड लगवाने यकीनी बनाए। जिला नोडल अफसर (जिला सेहत अफसर) डा. कुलदीप राय ने बताया कि एनफोर्समेंट मुहिम के अंतर्गत अप्रैल महीने में 87 तंबाकू उलंघनकर्ता के चालान किए गए हैं जिनसे 5260 रुपए की जुर्माना राशि वसूली गई। इस साल अब तक 372 चालान किए गए और 25990 रुपए जुर्माना राशि के तौर पर वसूली गई हैं। उन्होंने बताया कि 31 मई को विश्व तंबाकू रहित दिवस मनाया जाएगा।