पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • पेट्रोल पंपों से तेल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश

पेट्रोल पंपों से तेल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
थाना मुकंदपुर की पुलिस ने पेट्रोल पंपो से डीजल चोरी करके बेचने वाले गिरोह के तीन लोगों और डीजल के तीन खरीदारों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने डीजल चोरी करने वालों से दो ट्रक, तेल निकालने के लिए इस्तेमाल होने वाला पंप, 500 लीटर चोरी का डीजल और अन्य सामान बरामद किया है। आरोपियों को बुधवार अदालत में पेश किया गया, यहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। बताया गया है कि चोरी का डीजल खरीदने वाले तीनों ढाबा मालिक है।

थाना इंचार्ज नरेश कुमारी और औड़ चौकी के इंचार्ज बिक्रमजीत सिंह ने बताया कि 5 जनवरी को औड़ के एक पेट्रोल पंप से कुछ लोगों ने स्टोरेज टैंक से डीजल चोरी कर लिया था। पुलिस ने पेट्रोल पंप के मालिक संजीव चोपड़ा कि शिकायत पर मामला दर्ज करके जांच की। इन लोगों के बारे में पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गांव उड़ापड़ के पास सड़क पर तीन ट्रकों के साथ कुछ लोग संदिग्ध हालत में खड़े है। सूचना पर पुलिस टीम ने तुरंत बताई गई जगह पर पहुंचकर वहां पर इन लोगों से पूछताछ की तो मामला सामने आया। पुलिस ने रणजीत सिंह, प्रताप सिंह और मनजिंदर सिंह को गिरफ्तार किया। पुलिस की इस कार्रवाई में एक अन्य ट्रक में गिरोह का सरगना बाबा बलविंदर सिंह और उसका बेटा नरिंदर सिंह चकमा देकर फरार हो गए। तीनों आरोपियों से पुलिस ने जब पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि वह माछीवाड़ा और आलमगीर के पेट्रोल पंपों से रात को डीजल चोरी करने की योजना बना रहे थे। आरोपियों ने कबूल किया कि औड़ के पेट्रोल पंप से उन्होंने ही डीजल चोरी किया था और जीटी रोड स्थित ढाबे वालों को डीजल बेचता था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर फिल्लौर जीटी रोड स्थित दो ढाबों से अशोक, रंजीत और राज किशोर को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने करीब एक दर्जन पेट्रोल पंप से डीजल चोरी करने की बात कबूली है।

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका गिरोह तरनतारन, बटाला, फतेहगढ़ चूड़ियां, अमृतसर के रामदास इलाके, राइयां, माछीवाड़ा, बटाला के आलीवाड़ इलाके, जम्मू, हरियाणा के चीका इलाके, औड़ के अलावा आसाम और बंगाल में भी पेट्रोल पंपों से तेल चोरी कर चुका है।

चोर गिरोह से दो ट्रक और तेल चोरी करने का सामान भी बरामद किया है। पुलिस की कार्रवाई में गिरोह का सरगना बेटे के साथ फरार हो गया।

खबरें और भी हैं...