दूर दराज के हेल्थ सेंटरों में भी टीकाकरण जारी
नवांशहर | जिला टीकाकरण अफसर डा. दविंदर ढांडा ने बताया कि खसरे को जड़ से निकालने और रुबेला की रोकथाम के लिए विशेष टीकाकरण मुहिम के तहत जिले में 15 मई तक 64482 बच्चों का सुरक्षित टीकाकरण हो चुका है। मंगलवार को 4267 बच्चों का टीकाकरण किया गया। अब स्कूलों के अलावा दूर दराज के सेहत केंद्रों में भी टीकाकरण किया जा रहा है।
डा. ढांडा ने कहा कि 2020 तक खसरा को खत्म और रुबेला पर भी काबू करना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस मुहिम से जुड़कर अपने बच्चों का जरूरी टीकाकरण करवा कर सेहतमंद देश की स्थापना में अपना योगदान डालें। उन्होंने कहा कि खसरा घातक और छूत का रोग है। इसके साथ देश में हर साल 50 हजार बच्चों की मौत होती है। यह भारत में बच्चों की मौत का बड़ा कारण बना हुआ है। खसरे से बचाव के लिए बच्चों को टीकाकरण की दो खुराकें देनी पड़ती हैं। रुबेला भी छूत का रोग है जो बच्चों और बालिगों में मौत का कारण बनता है।